आज से शुरू होगी पॉलीटेक्निक प्रवेश की ऑनलाइन काउंसलिंग, 1.20 लाख से अधिक सीटों पर मिलेगा प्रवेश

लखनऊ,  संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए डिप्लोमा इंजीनियरिंग एवं अन्य पाठ्यक्रमों (फार्मेसी को छोड़कर) में प्रवेश हेतु ऑनलाइन काउंसलिंग प्रक्रिया 25 जून से शुरू करने की घोषणा की है। प्रदेश स्तर पर आयोजित होने वाली इस काउंसलिंग के माध्यम से हजारों अभ्यर्थियों को विभिन्न पॉलीटेक्निक संस्थानों में प्रवेश दिया जाएगा।संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद के सचिव संजीव कुमार सिंह ने बताया कि काउंसलिंग के जरिए प्रदेश की कुल 365 पॉलीटेक्निक संस्थाओं में प्रवेश प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। इनमें 156 राजकीय, 18 अनुदानित, 29 पीपीपी मॉडल तथा 162 निजी क्षेत्र की पॉलीटेक्निक संस्थाएं शामिल हैं। इन सभी संस्थानों में कुल 1 लाख 20 हजार 984 सीटें उपलब्ध हैं।उन्होंने बताया कि संयुक्त प्रवेश परीक्षा में सफल घोषित अभ्यर्थी ही ऑनलाइन काउंसलिंग में भाग लेने के पात्र होंगे। सभी पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार परिषद के काउंसलिंग पोर्टल पर पंजीकरण कराना होगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि मनपसंद संस्थान और पाठ्यक्रम में प्रवेश की संभावना बढ़ाने के लिए अधिक से अधिक विकल्पों का चयन करें।
परिषद ने यह भी स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी अपने जनपद में स्थित राजकीय एवं अनुदानित पॉलीटेक्निक संस्थानों में बनाए गए सहायता केंद्रों पर जाकर काउंसलिंग संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं तथा प्रक्रिया पूरी करने में सहयोग ले सकते हैं।काउंसलिंग की विस्तृत समय-सारणी, दिशा-निर्देश एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां संयुक्त प्रवेश परीक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई हैं। परिषद ने अभ्यर्थियों से समय रहते पंजीकरण एवं विकल्प चयन की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है, ताकि उन्हें पसंदीदा संस्थान एवं पाठ्यक्रम में प्रवेश का बेहतर अवसर मिल सके।