दलित युवक की गला रेतकर हत्या से सनसनी, भीम आर्मी ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

दलित युवक की गला रेतकर हत्या से सनसनी, भीम आर्मी ने जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

 

आनन्द हत्याकांड पर गरमाई राजनीति, डीएम के माध्यम से उठी मुआवजा व फास्ट ट्रैक ट्रायल की मांग

 

एक हफ्ते का अल्टीमेटम: डीएम को चेतावनी, न्याय नहीं मिला तो चन्द्रशेखर आजाद का होगा आगमन

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर। जनपद के बखिरा थाना क्षेत्र में 18 जून 2026 को हुए सनसनीखेज हत्याकांड को लेकर भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने कड़ा रुख अपनाया है। संगठन के जिलाध्यक्ष सोनू कुमार राव के नेतृत्व में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी संतकबीरनगर के माध्यम से सौंपा गया।

 

ज्ञापन में बताया गया कि कुसमहा माफी व जिवधरा क्षेत्र के निवासी आनन्द पुत्र इन्द्रेश की 18 जून की शाम लगभग 7 बजे गला रेतकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस मामले में नासिर, निरहू, जैगम सहित अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना बखिरा में एफआईआर संख्या 245/26 दर्ज की गई है। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं तथा एससी/एसटी एक्ट के तहत पंजीकृत है।

 

भीम आर्मी ने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताते हुए पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए कई प्रमुख मांगें रखी हैं। संगठन ने मृतक की पत्नी को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा, एक सरकारी नौकरी तथा एक एकड़ जमीन का पट्टा देने की मांग की है। साथ ही मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराते हुए आरोपियों को शीघ्र सजा दिलाने की मांग की गई है।

 

ज्ञापन में यह भी चेतावनी दी गई है कि यदि एक सप्ताह के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो भीम आर्मी एवं आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना सांसद एडवोकेट चन्द्रशेखर आजाद का जनपद में आगमन होगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

 

इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोगों में आक्रोश व्याप्त है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच जारी है।