एनटीपीसी टांडा ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उत्साहपूर्वक आयोजन किया

एनटीपीसी टांडा ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का उत्साहपूर्वक आयोजन किया

 

अम्बेडकर नगर।एनटीपीसी टांडा में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बड़े उत्साह, उमंग एवं सामूहिक सहभागिता के साथ मनाया गया। इस अवसर पर एनटीपीसी टाउनशिप स्थित “सप्तरंग क्लब” में एक भव्य योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें कर्मचारियों, उनके परिवारजनों, वरिष्ठ अधिकारियों तथा गरिमा महिला मंडल की सदस्याओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रांजल यादव, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी रहे। उन्होंने अपने संबोधन में योग को भारत की प्राचीन एवं अमूल्य विरासत बताते हुए कहा कि योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान जीवनशैली में तनाव एवं विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से निपटने के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर सुभाष चंद्र सिंह, महाप्रबंधक (प्रचालन एवं अनुरक्षण, एनटीपीसी टांडा ने उपस्थित सभी प्रतिभागियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच एवं कार्यक्षमता को बढ़ाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों से नियमित योगाभ्यास अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देने का आग्रह किया।

 

योग सत्र का संचालन अम्बेडकर नगर के अनुभवी आयुष योग प्रशिक्षक विकास चंद्र तिवारी के मार्गदर्शन में किया गया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग के स्वास्थ्यवर्धक लाभों की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

 

कार्यक्रम में श्रीमती सुधा सिंह, उपाध्यक्ष, गरिमा महिला मंडल, टांडा की भी सक्रिय सहभागिता रही। उन्होंने महिलाओं एवं परिवारों के बीच स्वास्थ्य जागरूकता और समग्र कल्याण को बढ़ावा देने के लिए योग के महत्व पर प्रकाश डाला।

 

सामूहिक योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों ने आयुष मंत्रालय द्वारा जारी किये सामान्य योग प्रोटोकॉल का अभ्यास किया। कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों, गरिमा महिला मंडल की सदस्याओं तथा एनटीपीसी टांडा समुदाय के लोगों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का संकल्प लिया।