अपर्णा यादव ने मनाया कन्या जन्मोत्सव,

लखनऊ, । राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को लखनऊ में विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेते हुए महिला एवं बाल कल्याण से संबंधित संस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने लोकबंधु श्री राजनारायण संयुक्त चिकित्सालय तथा डॉ. राम प्रकाश गुप्ता मातृ एवं शिशु रेफरल चिकित्सालय में आयोजित कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम में हिस्सा लिया और नवजात बालिकाओं तथा उनके परिवारों को शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम के दौरान अपर्णा यादव ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई रस्म में भाग लिया तथा नवजात शिशुओं के साथ केक काटकर कन्या जन्मोत्सव मनाया। उन्होंने अस्पताल में भर्ती माताओं और नवजात शिशुओं को बेबी किट भी वितरित की तथा बालिकाओं के जन्म को समाज के लिए सुखद और गौरवपूर्ण अवसर बताया।डॉ. राम प्रकाश गुप्ता मातृ एवं शिशु रेफरल चिकित्सालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने भर्ती महिलाओं से बातचीत कर उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रसव कक्ष, शल्य कक्ष, पैथोलॉजी सहित विभिन्न विभागों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चिकित्सालय में उपलब्ध व्यवस्थाएं और स्वास्थ्य सेवाएं संतोषजनक पाई गईं।इसके बाद राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ने महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित राजकीय बालिका गृह, सिंधी खेड़ा, पारा तथा वन स्टॉप सेंटर का निरीक्षण किया। इस अवसर पर वन स्टॉप सेंटर और विज्ञान फाउंडेशन के सहयोग से राष्ट्रीय मुक्त विद्यालयी शिक्षा संस्थान की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली 63 बालिकाओं को बैग वितरित किए गए। कार्यक्रम में बालिकाओं को शिक्षा और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया गया।निरीक्षण के दौरान अपर्णा यादव ने बालिका गृह में रह रही बालिकाओं और शिशुओं से संवाद किया तथा उनकी दिनचर्या, शिक्षा और अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए अधीक्षिका को निर्देश दिया कि बालिकाओं के पुनर्वास और आत्मनिर्भरता के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाए। साथ ही उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने और प्रेरणादायक व्यक्तित्वों की जीवन कथाओं को दृश्य एवं श्रव्य माध्यमों से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए।उन्होंने कहा कि बालिकाओं में आत्मविश्वास विकसित करने के लिए प्रेरणादायक कहानियां और सफल व्यक्तियों के जीवन संघर्षों को नियमित रूप से साझा किया जाना चाहिए, ताकि वे जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हो सकें।भ्रमण कार्यक्रम के उपरांत अपर्णा यादव ने राज्य महिला आयोग के सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ महिला उत्पीड़न और महिला सुरक्षा से जुड़े विषयों पर समीक्षा बैठक की। बैठक में महिला कल्याण, कारागार, आपूर्ति, बाल विकास एवं पुष्टाहार तथा वन स्टॉप सेंटर से जुड़े अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित महिला एवं बाल कल्याण योजनाओं की समीक्षा करते हुए उपाध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं का प्रभावी और पारदर्शी ढंग से क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र लाभार्थियों तक पहुंचना चाहिए और इसके लिए निरंतर चिन्हांकन एवं जागरूकता अभियान चलाए जाएं।अपर्णा यादव ने कहा कि महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं। मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, सहायता और आत्मनिर्भरता प्रदान करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता के साथ कार्य करने और जरूरतमंद महिलाओं को समय पर सहायता उपलब्ध कराने का आह्वान किया।