हर्रैया थाना परिसर में भावुक विदाई समारोह प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब

हर्रैया थाना परिसर में भावुक विदाई समारोह प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब

 

ईमानदार कार्यशैली और जनसरोकारों के लिए हमेशा याद किए जाएंगे तहसीलदार सिंह

 

बस्ती। थाना हर्रैया परिसर शुक्रवार को उस समय भावुक माहौल का साक्षी बना, जब अपने उत्कृष्ट कार्यकाल, निष्पक्ष पुलिसिंग और जनसरोकारों के प्रति समर्पण के लिए पहचान बना चुके प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह को सहकर्मियों, समाजसेवियों, पत्रकारों एवं क्षेत्रीय गणमान्य लोगों ने भावभीनी विदाई दी। समारोह में मौजूद लोगों ने उनके कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में पुलिस और जनता के बीच विश्वास का मजबूत सेतु स्थापित किया।

विदाई समारोह में वक्ताओं ने कहा कि तहसीलदार सिंह ने कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं को संवेदनशीलता से सुना और उनका समाधान कराने का हर संभव प्रयास किया। यही कारण है कि उनके स्थानांतरण की खबर से क्षेत्र के लोगों में भावुकता देखने को मिल रही है।वरिष्ठ पत्रकार अवधेश कुमार त्रिपाठी ने कहा कि प्रभारी निरीक्षक के रूप में तहसीलदार सिंह का कार्यकाल अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक रहा। उन्होंने अपने व्यवहार, कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा से जो पहचान बनाई है, वह लंबे समय तक लोगों के दिलों में जीवित रहेगी।अपने संबोधन में प्रभारी निरीक्षक तहसीलदार सिंह ने कहा कि स्थानांतरण सरकारी सेवा की एक सामान्य और सतत प्रक्रिया है। हर अधिकारी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ करना चाहिए। व्यक्ति का वास्तविक परिचय उसके पद से नहीं, बल्कि उसके कार्यों और व्यवहार से होता है। उन्होंने कहा कि जहां भी रहेंगे, जनता की सेवा और कानून व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे।

इस अवसर पर सेवा समर्पण भाव संस्था की ओर से संस्था के संचालक पत्रकार दिलीप पाण्डेय ने प्रभारी निरीक्षक को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। सम्मान समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।कार्यक्रम का संचालन दीवान कपिल देव सिंह ने किया। समारोह में समाजसेवी विशाल सिंह, उप निरीक्षक संजय सिंह, रुदल बहादुर सिंह, मोहम्मद जावेद खां, सुरेंद्र यादव, देवी प्रसाद गुप्ता, सिपाही वरुण कुमार राय सहित बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, पत्रकार, समाजसेवी और क्षेत्र के सम्मानित नागरिक मौजूद रहे।

जनता के दिलों में छोड़ गए अलग पहचान

तहसीलदार सिंह का कार्यकाल केवल कानून व्यवस्था तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने अपने सहज, सरल और संवेदनशील व्यवहार से आमजन का विश्वास भी जीता। यही वजह रही कि उनकी विदाई के अवसर पर मौजूद लोगों की आंखें नम दिखाई दीं और हर कोई उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करता नजर आया।