लखनऊ, गोमतीनगर विस्तार थाना पुलिस ने लाइसेंसी बंदूक छीनकर फरार होने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से छीना गया शस्त्र बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में अतिरिक्त धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया है।पुलिस के अनुसार पाम रेजीडेंसी, बक्काश निवासी रजनीश सिंह ने 14 जून 2026 को थाना गोमतीनगर विस्तार में शिकायत दर्ज कराई थी कि एक युवक उनकी लाइसेंसी 12 बोर डबल बैरल बंदूक छीनकर फरार हो गया है। पीड़ित द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम को आरोपी की तलाश में लगाया गया। मोबाइल नंबर और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए आरोपी की पहचान की। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर बुधवार तड़के पुलिस टीम ने शहीद पथ के किनारे रेलवे लाइन सर्विस रोड स्थित झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्रेयस वशिष्ठ उर्फ मानस सिंह पुत्र राजेश सिंह निवासी ग्राम बीकामऊ खुर्द, थाना बीकेटी तथा वर्तमान निवासी जानकीपुरम गार्डेन, थाना गुडम्बा, लखनऊ के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र लगभग 22 वर्ष बताई गई है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वादी की छीनी गई एक अदद 12 बोर डबल बैरल लाइसेंसी बंदूक बरामद कर ली। बरामदगी के बाद मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की अतिरिक्त धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है।जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। उसके विरुद्ध वर्ष 2025 में जानकीपुरम थाने में आर्म्स एक्ट तथा विभूतिखंड थाने में धमकी, मारपीट और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है।इस कार्रवाई को गोमतीनगर विस्तार थाना प्रभारी निरीक्षक शिव कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। टीम में उपनिरीक्षक नरेन्द्र कुमार कनौजिया, आयुष यादव, लवलेश कुमार तथा अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। साथ ही मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।