उत्थान आडिटोरियम में 17 से 20 जून तक सजेंगे प्रदर्शनी पण्डाल
समेकित जन-कल्याण एवं जन-जागरूकता अभियान
बहराइच 16 जून। मा. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में केन्द्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर 5 से 21 जून, 2026 तक केन्द्र एवं राज्य सरकार की नीतियों, संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की उपलब्धियों तथा जनसामान्य के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन को प्रदर्शित करने हेतु संचालित समेकित अभियान अन्तर्गत शासन के नीतिगत निर्णयों, जन-केन्द्रित विकास कार्यों एवं लोक-कल्याणकारी उपलब्धियों को समाज के अन्तिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुँचाने, पात्र लाभार्थियों को शासकीय योजनाओं से आच्छादित करने हेतु कपूरथला परिसर स्थित उत्थान आडिटोरियम में 17 से 20 जून 2026 तक विकास प्रदर्शनी लगायी जायेगी।
आउिटोरियम में आयोजित होने वाली प्रदर्शनी के सफल आयोजन हेतु विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रदर्शनी के दौरान विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के साथ सभी पात्र असंतृप्त व्यक्तियों को योजनाओं से आच्छादित करने हेतु उनका पंजीकरण कराया जाये। श्री धनवंता ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि 04 दिवसीय प्रदर्शनी के दौरान विभागीय योजनाओं से आच्छादित लाभार्थियों को बड़ी संख्या में आमंत्रित कर उन्हें मा. जनप्रतिनिधियों के हाथों स्वीकृति पत्र, डेमो चेक, प्रमाण-पत्र का वितरण कराया जाय।
मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने बताया कि 04 दिवसीय प्रदर्शनी में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग, कृषि विभाग, उद्योग विभाग, चिकित्सा विभाग, खादी ग्रामोद्योग, बैंक विभाग, रेशम विभाग, मत्स्य विभाग, पशुपालन विभाग, नगर विकास, शिक्षा विभाग, समाज कल्याण, पंचायती राज विभाग, सूचना एवं जनसम्पर्क सहित अन्य विभागों द्वारा प्रदर्शनी लगायी जायेगी।
इस अवसर पर परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार, उपायुक्त उद्योग केशवराम वर्मा, उपायुक्त स्वतःरोज़गार धनंजय सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक सर्वदानन्द, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक विनय कुमार वर्मा, प्रभारी सहायक निदेशक मत्स्य बाबू राम सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारी मौजूद रहे।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः