जनपद में तीन स्थानों पर आयोजित हुआ बाढ़ राहत एवं बचाव कार्यों का पूर्वाभ्यास
बहराइच 11 जून। जनपद में संभावित बाढ़ आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने तथा राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों को परखने के लिए जनपद के तीन तहसीलों कैसरगंज, नानपारा व महसी में व्यापक मॉक ड्रिल (पूर्वाभ्यास) आयोजित किया गया। अपर जिलाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि इस अभ्यास का उद्देश्य आपदा की स्थिति में विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करना तथा प्रभावित लोगों को त्वरित राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्थाओं का परीक्षण करना है।
मॉकड्रिल मे तहसील महसी के ग्राम बौण्डी स्थित रामघाट सिलौटा मे अचानक बाढ़ का पानी आने से गांव खाली कराने व प्रभावितों को बाढ़ शरणालय ले जाने का अभ्यास किया गया, तहसील कैसरगंज के ग्राम तप्पेसिपाह (घाघराघाट) पर अचानक नाव पलटने तथा एम्बुलेंस के माध्यम से उपचार हेतु पीड़ित को स्वास्थ्य केन्द्र ले जाने का अभ्यास किया गया तथा तहसील नानपारा के ग्राम बौण्डी में पूर्वाभ्यास के दौरान बाढ़ का पानी तेजी से आबादी क्षेत्र में प्रवेश करने की स्थिति में लोगों को सुरक्षित स्थानों एवं बाढ़ शरणालयों तक पहुंचाने, चेतावनी संदेशों का प्रसारण कराने, राहत शिविर स्थापित करने तथा प्रभावित लोगों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की कार्यवाही की गयी।
वहीं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बौण्डी में मेडिकल कैम्प स्थापित कर प्रभावित व्यक्तियों के उपचार की व्यवस्था का परीक्षण किया गया साथ ही पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने और राहत सामग्री वितरण की व्यवस्थाओं का भी पूर्वाभ्यास किया गया। ग्राम बौण्डी, तहसील नानपारा में नदी के टापू पर फंसे किसानों को सुरक्षित निकालने, उन्हें बाढ़ शरणालय तक पहुंचाने, राहत सामग्री वितरण, स्वास्थ्य परीक्षण तथा पशुओं के लिए चारा उपलब्ध कराने जैसी गतिविधियों का अभ्यास किया गया। इस मॉकड्रिल कार्यक्रम मे जनपद के सभी सम्बन्धित विभागों का पूर्ण सहयोग रहा। प्रशासन का मानना है कि इस मॉकड्रिल से आपदा प्रबंधन तंत्र की तैयारियों का आकलन होगा तथा वास्तविक बाढ़ की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी एवं त्वरित बनाया जा सकेगा।
:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः