बस्ती विकास प्राधिकरण में प्रबुद्धजनों की बैठक सम्पन्न, शहर के विकास और यातायात समस्याओं पर हुई व्यापक चर्चा

बस्ती विकास प्राधिकरण में प्रबुद्धजनों की बैठक सम्पन्न, शहर के विकास और यातायात समस्याओं पर हुई व्यापक चर्चा

 

बस्ती। केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 5 जून से 21 जून 2026 तक संचालित जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत मंगलवार को बस्ती विकास प्राधिकरण में प्रबुद्धजनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता बस्ती विकास प्राधिकरण के सचिव कीर्ति प्रकाश भारती ने की। बैठक में नगर के विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार तथा नागरिक सुविधाओं के विस्तार सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए सचिव कीर्ति प्रकाश भारती ने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यक्रमों और नीतियों की जानकारी उपस्थित लोगों को दी। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।

बैठक में उपस्थित प्रबुद्धजनों ने भी अपने विचार और सुझाव प्रस्तुत किए। इस दौरान शहर की प्रमुख समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा हुई। विशेष रूप से जिला अस्पताल चौराहा और रोडवेज तिराहा क्षेत्र में लगने वाले भीषण यातायात जाम को लेकर चिंता व्यक्त की गई। प्रतिभागियों ने कहा कि इन क्षेत्रों में प्रतिदिन घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम नागरिकों, मरीजों, छात्रों और व्यापारियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने, अतिक्रमण हटाने तथा आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्ग विकसित करने जैसे सुझाव सामने आए।

बैठक में नगर के सौंदर्यीकरण, स्वच्छता व्यवस्था, हरित क्षेत्र के विस्तार, सड़क एवं जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने सहित अन्य विकास कार्यों पर भी विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उन्हें संबंधित स्तर पर भेजने और आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।

बैठक के समापन के बाद पर्यावरण संरक्षण और हरित बस्ती के संकल्प को मजबूत करने के उद्देश्य से प्राधिकरण कार्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपस्थित अधिकारियों एवं प्रबुद्धजनों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा लोगों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की।

इस अवसर पर प्रभारी अधिशासी अभियंता हरिओम गुप्ता, अवर अभियंता रोहित पटेल, नगर पालिका परिषद बस्ती के अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता सहित कृष्ण देव मिश्र, जगबीर सिंह, राजेन्द्र सिंह ‘काका’, राजेश चित्रगुप्त, किशोरी लाल, बलराम यादव, पंकज, गोविन्द मिश्र, राम सहाय यादव, अश्वनी शुक्ल, आशीष कुमार, हिमांशु शुक्ल एवं विवेक चौधरी समेत अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक का उद्देश्य सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ-साथ नागरिकों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाना रहा। उपस्थित लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए ऐसे संवाद कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।