अयोध्या।
पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर रामनगरी अयोध्या में आयोजित श्रीमद्भागवत कथा और धार्मिक अनुष्ठानों में देश-विदेश से श्रद्धालुओं का आगमन लगातार जारी है। इसी क्रम में अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना राज्य के शार्लोट शहर से पहुंचीं श्रद्धालु वाणी थवाइत ने अयोध्या के आध्यात्मिक वातावरण और श्रीराम मंदिर की भव्यता की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
वाणी थवाइत ने बताया कि वह अमेरिका में एक आईटी कंपनी के डेटा प्लेटफॉर्म विभाग में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या आना उनका वर्षों पुराना सपना था, जो अब श्रीराम मंदिर के भव्य स्वरूप के बीच पूरा हुआ है। उन्होंने कहा कि यहां की सकारात्मक ऊर्जा, गुप्तार घाट पर स्नान के दौरान मिली शांति और भागवत कथा में सहभागिता का अनुभव शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर का निर्माण करोड़ों रामभक्तों के लिए गर्व और आस्था का विषय है। वह अपनी बेटी और पति के साथ अयोध्या पहुंची हैं तथा भविष्य में दोबारा भी यहां आने की इच्छा रखती हैं। उन्होंने कहा कि अयोध्या का विकास तेजी से हो रहा है और आने वाले समय में यह विश्वभर में अपनी विशेष पहचान स्थापित करेगी। वहीं भिलाई (छत्तीसगढ़) से आए प्रसिद्ध लेप्रोस्कोपिक सर्जन डॉ. हरिशंकर महोबिया ने बताया कि वह अपने माता-पिता हेमलता- भवानी शंकर महोबिया, पत्नी डॉ. रितिका महोबिया , तीन बहनों तथा पुत्र सहित परिवार के साथ कथा श्रवण के लिए अयोध्या पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि व्यस्त जीवन और चिकित्सा सेवा के बीच अयोध्या आकर जो मानसिक शांति और आध्यात्मिक आनंद प्राप्त हुआ है, वह अविस्मरणीय है।
डॉ. महोबिया ने कहा कि श्रीराम मंदिर की भव्यता को अब तक केवल वीडियो और तस्वीरों में देखा था, लेकिन प्रत्यक्ष दर्शन के बाद मन अत्यंत भाव-विभोर हो गया। उन्होंने कहा कि पावन अयोध्या धाम में भागवत कथा का श्रवण करना उनके जीवन के सबसे सुखद अनुभवों में से एक है।
कार्यक्रम में हेमलता महोबिया , गार्गी, वाणी, मेघा, डॉ. रितिका महोबिया सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने कहा कि अयोध्या की धार्मिक चेतना, भव्य मंदिर और आध्यात्मिक वातावरण पूरे देश और दुनिया के लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।