सीसीटीवी फुटेज मिलने के बावजूद ट्रॉली चोरी का नही दर्ज हुआ मुकदम न्याय की आस में भटक रहा किसान

कुदरहा, बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के कुदरहा (बेलवरिया) में ट्रॉली चोरी की घटना के 18 दिन बीत जाने के बाद भी न तो मुकदमा दर्ज हो सका है और न ही चोरी का खुलासा हो पाया है। पीड़ित किसान का आरोप है कि सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने के बावजूद पुलिस की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।
जानकारी के अनुसार कुदरहा (बेलवरिया) निवासी किसान दयाराम की बैंगनी रंग की ट्रॉली का पहिया खराब हो जाने पर उन्होंने उसे मरम्मत के लिए रामजानकी मार्ग स्थित लक्ष्मी फिलिंग स्टेशन के पास एक पंचर की दुकान पर खड़ा कर दिया था। दुकानदार के कहने पर उन्होंने नया ट्यूब भी उपलब्ध करा दिया और अगले दिन ट्रॉली ले जाने की बात तय हुई थी। लेकिन जब वह अगली सुबह मौके पर पहुंचे तो ट्रॉली गायब मिली।
पीड़ित किसान का कहना है कि चोरी की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है, जिसका फुटेज पुलिस को उपलब्ध करा दिया गया है। इसके बावजूद अब तक न तो चोरी का मुकदमा दर्ज किया गया है और न ही ट्रॉली का कोई सुराग मिल सका है।
दयाराम ने बताया कि मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर भी की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ट्रॉली खेती-किसानी और आजीविका का प्रमुख साधन होने के कारण उसके चोरी हो जाने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में असुरक्षा की भावना बढ़ी है। वहीं, पुलिस द्वारा मामले में अब तक की गई कार्रवाई को लेकर भी तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पीड़ित किसान ने पुलिस प्रशासन से मुकदमा दर्ज कर शीघ्र कार्रवाई करते हुए ट्रॉली बरामद करने की मांग की है।