वैदिक आहुतियों से महका अयोध्या धाम, पूर्णाहुति के साथ सम्पन्न पुरुषोत्तम मास महोत्सव

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या में झालरिया पीठ, बड़ा स्थान डीडवाना द्वारा आयोजित 225 कुण्डीय श्री महालक्ष्मी महायज्ञ एवं पुरुषोत्तम मास महोत्सव का बुधवार को वैदिक विधि-विधान और पूर्णाहुति के साथ भव्य समापन हुआ। विश्व शांति, राष्ट्र समृद्धि एवं सर्वजन कल्याण की मंगलकामना के साथ आयोजित इस महोत्सव में देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
महोत्सव का समापन झालरिया पीठाधिपति जगद्गुरु रामानुजाचार्य परम पूज्य स्वामी घनश्यामाचार्य महाराज के पावन सान्निध्य में हुआ। अंतिम दिन परम पूज्य स्वामी महाराज स्वयं यज्ञशाला पहुंचे और वैदिक ऋचाओं तथा श्रीसूक्त मंत्रों के बीच आहुति अर्पित कर समस्त मानवता के कल्याण की प्रार्थना की। पूज्य गोविंद देव गिरी जी महाराज की रही विशेष उपस्थिति
श्री महालक्ष्मी महायज्ञ की पूर्णाहुति के सुअवसर पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष परम पूज्य श्री गोविंद देवगिरी महाराज विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने यज्ञशाला पहुंचकर वैदिक अनुष्ठानों का अवलोकन किया और स्वामी श्री घनश्यामाचार्य महाराज से आत्मीय भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुरुषोत्तम मास में आयोजित होने वाले ऐसे महायज्ञ हमारी भारतीय संस्कृति, वैदिक परंपरा और लोककल्याण की भावना को और अधिक सशक्त करते हैं। स्वामीजी महाराज का किया गया भव्य अभिनंदन
इस धार्मिक समागम में देश के विभिन्न राज्यों से पधारे हजारों श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं और श्री झालरिया पीठ से जुड़े विभिन्न देवस्थानों के प्रतिनिधियों ने पीठाधिपति जगद्गुरु रामानुजाचार्य अनंत श्री विभूषित परम पूज्य स्वामी श्री घनश्यामाचार्य जी महाराज का अभिनंदन कर आशीर्वाद लिया। भावपूर्ण अभिनंदन पत्र का वाचन
श्री श्रीधर महोत्सव समिति की ओर से परम पूज्य स्वामीजी महाराज को एक अभिनंदन पत्र समर्पित किया गया। एलन मानधना परिवार के गोविंद माहेश्वरी ने अत्यंत भावपूर्ण शैली में इस अभिनंदन पत्र का वाचन किया, जिसे सुनकर वहां मौजूद सभी श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस गरिमामयी अवसर पर हरिमोहन बांगड़, गोविंद माहेश्वरी, विजय कुमार बांगड़, राजेश माहेश्वरी, नवीन माहेश्वरी, वेणुगोपाल करवा, सुबोध काकाणी, अनुराग जाजू, आनंद बांगड़, सुदर्शन बगड़िया एवं विजय मजेजी सहित कई गणमान्य जन उपस्थित रहे।