लखनऊ, हज-2026 के लिए गए हज यात्रियों की वापसी एक जून से शुरू होकर 17 जून 2026 तक जारी रहेगी। लखनऊ उड़ान स्थल पर पहली वापसी उड़ान एक जून की रात्रि 10:15 बजे पहुंचने की संभावना है। इसके बाद विभिन्न उड़ानों के माध्यम से हज यात्रियों की वापसी क्रमवार जारी रहेगी।प्रशासन की ओर से हज यात्रियों को लेने आने वाले परिजनों और परिचितों से अपील की गई है कि वर्तमान में चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके कारण वहां सीमित स्थान उपलब्ध है। ऐसे में यात्रियों को रिसीव करने के लिए कम से कम लोग ही हवाई अड्डे पहुंचें, ताकि अनावश्यक भीड़ और यातायात दबाव से बचा जा सके।अधिकारियों ने यह भी अनुरोध किया है कि पार्किंग स्थल सीमित होने के कारण वाहन लेकर आने वाले लोग उड़ान पहुंचने के निर्धारित समय से लगभग आधा घंटा पहले ही हवाई अड्डे पहुंचें, जिससे पार्किंग और यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो तथा जाम जैसी स्थिति से बचा जा सके।यदि हज यात्रियों के परिजनों को वाहन कुछ समय के लिए खड़ा करना हो तो वे अपना वाहन हज हाउस, सरोजनीनगर में पार्क कर सकते हैं। हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वापसी के दौरान हज हाउस में ठहरने की कोई व्यवस्था नहीं की गई है।