सीपी टैक्स पर छूट के साथ एकमुश्त समाधान योजना (OTS) लागू करने का भी किया आग्रह
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह ने गुरुवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर जनहित से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इस दौरान उन्होंने सरायरासी-सनेथू संपर्क मार्ग पर स्थित रेलवे क्रॉसिंग को बंद किए जाने से ग्रामीणों को हो रही भारी परेशानियों से मुख्यमंत्री को अवगत कराया और वहां अंडरपास अथवा रेलवे क्रॉसिंग बहाल करने की मांग की।
जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह ‘रोहित’ ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सरायरासी से सनेथू मार्ग पर स्थित रेलवे लाइन से होकर वर्षों से स्थानीय ग्रामीणों का आवागमन होता आ रहा था। लेकिन कुछ दिनों पूर्व रेलवे विभाग द्वारा इस रास्ते को अचानक बंद कर दिया गया। रेलवे के इस कदम से क्षेत्र की लगभग 20 हजार की आबादी सीधे तौर पर प्रभावित हुई है। रास्ता बंद होने के कारण स्कूली छात्रों को विद्यालय पहुंचने के लिए करीब 10 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। वहीं दूसरी ओर, किसानों को अपने खेतों तक पहुंचने में दिक्कत आ रही है, जिससे उनके कृषि कार्य भी बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं।
संपत्ति कर में राहत और धार्मिक स्थलों के विकास पर चर्चा
प्रतिनिधि आलोक सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष ने संपत्ति एवं विभव कर (सीपी टैक्स) पर छूट के साथ एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) लागू करने का भी अनुरोध किया, ताकि आम जनता को टैक्स में राहत मिल सके। इसके अलावा, अयोध्या के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित पौराणिक एवं धार्मिक महत्व के स्थलों के विकास को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। जिला पंचायत अध्यक्ष ने कई प्रमुख स्थलों को सूचीबद्ध कर उनके समग्र विकास की मांग रखी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी विषयों को गंभीरता से सुनते हुए इस पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने जताया आभार
मुख्यमंत्री के समक्ष इस गंभीर समस्या को प्रभावी ढंग से उठाने पर स्थानीय ग्रामवासियों ने जिला पंचायत अध्यक्ष के प्रति आभार व्यक्त किया है। धन्यवाद ज्ञापित करने वालों में मुख्य रूप से:
शीतला प्रसाद सिंह, एकादशी सिंह, सीताराम पांडे, राजेश पांडे, धर्मेंद्र पांडे। नितिन सिंह, कल्पनाथ मौर्या, विजय सिंह विजई, प्रेम कुमार, शालिक राम।फूल सिंह, नरेन्द्र मौर्या, देवा सिंह, कारिया निषाद, राम दिन निषाद नितेश सिंह, विनय सिंह, पहाड़ी निषाद, ज्ञान सिंह, सूरज सिंह।अनिल धोबी, सतीश सिंह, अभिषेक सिंह एवं शिवम सिंह ‘सत्या’ समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल रहे।