ऊर्जा बचत का संदेश देने पैदल कोर्ट पहुंचे जिला जज: प्रतापगढ़ में न्यायिक अधिकारियों ने एक किलोमीटर पैदल चलकर किया जागरूकता अभियान
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ में ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से न्यायिक अधिकारियों ने अनोखी पहल की। जिला जज राजीव कमल पांडे सहित सभी न्यायिक अधिकारी अपने आवास से करीब एक किलोमीटर पैदल चलकर न्यायालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ऊर्जा बचत और ईंधन संरक्षण का संदेश दिया। जिला जज राजीव कमल पांडे ने अधिवक्ताओं और न्यायालय कर्मचारियों से पेट्रोल-डीजल का उपयोग कम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों को देखते हुए ऊर्जा संसाधनों की बचत करना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने ईंधन की खपत कम करने और वैकल्पिक साधनों को अपनाने पर जोर दिया।सार्वजनिक परिवहन और साइकिल पर जोर जिला जज ने लोगों से सार्वजनिक परिवहन, ई-रिक्शा और साइकिल का अधिक उपयोग करने की सलाह दी। इसके अलावा कार पूलिंग यानी एक ही वाहन का साझा उपयोग करने की भी अपील की गई। उन्होंने कहा कि यदि हर व्यक्ति छोटी-छोटी पहल करे, तो ऊर्जा संकट से निपटने में बड़ी मदद मिल सकती है।
न्यायिक अधिकारी भी करेंगे पालन
राजीव कमल पांडे ने कहा कि न्यायिक अधिकारी भी इस दिशा में लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने भविष्य में पैदल या साइकिल से न्यायालय आने की बात भी कही। गौरतलब है कि इससे पहले इलाहाबाद हाई कोर्ट में भी जजों ने साइकिल और ई-रिक्शा से कोर्ट पहुंचकर ऊर्जा संरक्षण का संदेश दिया था।