सई नदी में नहाते समय 3किशोरियां डूबी, एक की मौत: प्रतापगढ़ में किशोर ने दो को बचाया, डेढ़ घंटे बाद बरामद हुआ शव

सई नदी में नहाते समय 3किशोरियां डूबी, एक की मौत: प्रतापगढ़ में किशोर ने दो को बचाया, डेढ़ घंटे बाद बरामद हुआ शव

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ के लालगंज कोतवाली क्षेत्र के उधरनपुर गांव में शनिवार सुबह सई नदी में नहाते समय तीन युवतियां डूबने लगीं। जिनमें से गांव के एक युवक ने दो को बचा लिया। लेकिन एक युवती की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की तलाश शुरू की। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने शव को बरामद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

 

पढ़िए पूरा मामला…

उधरनपुर गांव निवासी गरिमा कोरी (19) पुत्री सतीश कोरी, रंजना (24) और काजल (18) पुत्री राजकुमार कोरी सई नदी में नहा रही थीं। उनके साथ गांव का सागर (16) भी नदी में मौजूद था। नहाते समय तीनों लड़कियां अचानक गहरे पानी में डूबने लगीं। सागर ने तुरंत कार्रवाई करते हुए रंजना और काजल को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया। हालांकि, गरिमा नदी में लापता हो गई। सूचना मिलने पर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद गरिमा को नदी से बाहर निकाला।

उसे उपचार के लिए ट्रामा सेंटर लालगंज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक छा गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। लालगंज थाना प्रभारी आलोक कुमार ने बताया कि तीन बच्चियां डूब गई थीं, जिनमें से दो को बचा लिया गया और एक की मौत हो गई है। मृतक बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।