सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, दुर्घटनाओं पर रोक के लिए दिए कड़े निर्देश
ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर सुधार के आदेश, अवैध अतिक्रमण हटाने पर जोर
ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्ती, हेलमेट-सीट बेल्ट जांच अभियान तेज होगा
जितेंद्र पाठक
संतकबीरनगर। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने, यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं सुगम बनाने और आम लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी आलोक कुमार व पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से की।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने जनपद के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों, प्रांतीय मार्गों और प्रमुख चौराहों पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। लोक निर्माण विभाग (PWD), एनएचएआई (NHAI) और परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी दुर्घटना संभावित ब्लैक स्पॉट्स को तत्काल चिन्हित कर वहां साइन बोर्ड, रंबल स्ट्रिप और गति सीमा संकेतक लगाए जाएं। साथ ही सड़कों के किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को तुरंत हटाने के निर्देश भी दिए गए, जिससे यातायात बाधित न हो।
पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस अधिकारियों और यातायात प्रभारी को निर्देशित किया कि बिना हेलमेट, तीन सवारी, ओवरस्पीडिंग और सीट बेल्ट न लगाने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चालान के साथ-साथ बार-बार गलती करने पर ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्र, क्षेत्राधिकारी यातायात अमित कुमार, सभी थाना प्रभारी, एआरटीओ एवं परिवहन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, लोक निर्माण विभाग व राजस्व विभाग के अधिकारी तथा अन्य संबंधित विभागों के कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि राष्ट्रीय राजमार्गों के नजदीकी अस्पतालों में गोल्डन ऑवर के दौरान त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के लिए ट्रामा सेंटर और एम्बुलेंस सेवाओं को हमेशा अलर्ट मोड पर रखा जाए, ताकि दुर्घटनाओं में घायल लोगों की जान बचाई जा सके।