प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह नारंगपुर पहुंचे: बिहार में दीवार गिरने से मृत महिला के परिजनों को सहायता का आश्वासन दिया
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ जिले के नारंगपुर गांव में दीवार गिरने से हुई महिला की मौत के बाद प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री दयाशंकर सिंह ने शुक्रवार को पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। मंत्री के साथ खण्ड विकास अधिकारी मिर्जा इरफान वेग और हीरागंज नगर पंचायत प्रतिनिधि उदय शंकर पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। मंत्री दयाशंकर सिंह ने बिहार ब्लॉक अंतर्गत बाघराय थाना क्षेत्र के नारंगपुर गांव में घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने गिरी हुई पक्की दीवार और क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लिया। मंत्री ने मृतका के परिजनों से मिलकर अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को पीड़ित परिवार को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
यह घटना बुधवार देर शाम हुई थी, जब तेज आँधी और बारिश के दौरान लगभग 9 फीट ऊंची एक पक्की दीवार भरभराकर गिर गई थी। इस हादसे में शांति देवी (46) पत्नी राजेंद्र कुमार शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतका शांति देवी के पति राजेंद्र कुमार शर्मा एक किराने की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनके दो बेटे हैं। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी उपस्थित थे, जिन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की।