भक्तों के लिए भंडारे का भी किया जाएगा विशेष आयोजन
महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या 15 मई 2026, दिन- शुक्रवार मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम की पावन नगरी अयोध्या में शिव की महिमा का गुणगान करने हेतु एक भव्य धार्मिक आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आगामी 15 मई 2026, शुक्रवार को अयोध्या स्थित श्री क्षीरेश्वर नाथ महादेव मंदिर में “झांकी महोत्सव” का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर मुख्य आकर्षण का केंद्र 1051 बत्तियों की भव्य महाआरती होगी, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं के सम्मिलित होने की संभावना है। आयोजन समिति के अनुसार, यह महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना हेतु आयोजित किया जा रहा है। श्री क्षीरेश्वर नाथ महादेव सेवा समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भव्य झांकी के साथ-साथ विशाल भंडारे का भी प्रबंध किया गया है। समिति के सदस्यों ने सभी शिव भक्तों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पधारकर महादेव की दिव्य झांकी के दर्शन करें, महाआरती का पुण्य लाभ उठाएं और भंडारे में प्रसाद ग्रहण करें।
आयोजकों का कहना है कि भक्तगण अपनी श्रद्धा के अनुसार यथाशक्ति सहयोग प्रदान कर इस उत्सव को सफल बनाने में अपना अमूल्य समय दें। सुरक्षा और व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए स्थानीय प्रशासन को भी सूचित कर दिया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।