लखनऊ,। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की प्रथम वर्षगांठ पर देश के समस्त वीर जवानों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति को कोटि-कोटि नमन किया है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का पराक्रम, त्याग और मातृभूमि के प्रति समर्पण प्रत्येक देशवासी के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले वर्ष आज ही के दिन मां भारती के वीर सपूतों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई करते हुए सीमा पार स्थित आतंकी ठिकानों को ध्वस्त कर पूरी दुनिया को भारत की शक्ति, साहस और अटूट संकल्प का परिचय कराया था। उन्होंने कहा कि यह अभियान भारतीय सेना की वीरता, अनुशासन और राष्ट्र सुरक्षा के प्रति सर्वोच्च प्रतिबद्धता का प्रतीक बन गया है।केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि देश की सुरक्षा और अखंडता के लिए हमारे जवान दिन-रात सीमाओं पर तैनात रहकर अपने प्राणों की परवाह किए बिना राष्ट्र सेवा में जुटे रहते हैं। उनका त्याग और समर्पण आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने हमेशा यह साबित किया है कि देश की संप्रभुता और सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल, दूरदर्शी और दृढ़ नेतृत्व में आज नया भारत आतंकवाद के खिलाफ पूरी मजबूती के साथ खड़ा है। भारत अब हर आतंकी साजिश का मुंहतोड़ जवाब देने में सक्षम है और राष्ट्र की सुरक्षा, संप्रभुता तथा अखंडता की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाने को प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ केवल एक सैन्य अभियान नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा नीति, सैनिक शक्ति और राष्ट्रीय संकल्प का प्रतीक है। यह अभियान आने वाले समय में भी देश के दुश्मनों के लिए स्पष्ट संदेश बना रहेगा कि भारत अपनी सुरक्षा और सम्मान की रक्षा के लिए हर स्तर पर सक्षम और सजग है।