ट्रक पलटा, चालक समेत तीन घायल: सड़क पर बिखरी टमाटर की बोरियां, ग्रामीणों ने बटोरे

ट्रक पलटा, चालक समेत तीन घायल: सड़क पर बिखरी टमाटर की बोरियां, ग्रामीणों ने बटोरे

रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय

प्रतापगढ़ में गंगा एक्सप्रेस-वे पर टमाटर लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में चालक समेत तीन लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, यह ट्रक अमरोहा से टमाटर लादकर प्रयागराज के रास्ते ओडिशा जा रहा था। लोकइयापुर गांव के पास अचानक चालक ने संतुलन खो दिया, जिससे ट्रक पलट गया। घायलों की पहचान चालक शहनाज, शेर अली और परवेज के रूप में हुई है। शेर अली की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही महेशगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल घायलों को स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए एम्स रायबरेली रेफर कर दिया गया है। हादसे के बाद ट्रक में लदे टमाटर सड़क पर बिखर गए। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और बिखरे हुए टमाटरों को बोरियों व अन्य सामान में भरकर ले जाते हुए दिखाई दिए। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। एसएसआई नीरज कुशवाहा ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेज दिया गया है। क्षतिग्रस्त ट्रक को मौके से हटाकर गंगा एक्सप्रेसवे पर आवागमन को सुचारू कर दिया गया है।