महुआ के पेड़ से टकराई बाइक, युवक की मौत: एक गंभीर घायल, दावत से लौट रहे थे तीनों दोस्त

महुआ के पेड़ से टकराई बाइक, युवक की मौत: एक गंभीर घायल, दावत से लौट रहे थे तीनों दोस्त

 

प्रतापगढ़ के मानिकपुर थाना क्षेत्र में सोमवार रात एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक शिवराम प्रजापति की मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा रहमत अली से रेवली जाने वाली सड़क पर ग्राम बजाहभीट के पास उस समय हुआ, जब तीन युवक एक दावत से लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, सोमवार रात करीब नौ बजे बारहबीघा रामपुर गढ़ौली निवासी शिवराम प्रजापति (25), सूरज (18) और रामजी प्रजापति (30) पल्सर बाइक से घर वापस लौट रहे थे। तेज रफ्तार बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े महुआ के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाकांकर पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने बाइक चालक शिवराम प्रजापति को मृत घोषित कर दिया। सूरज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे जिला अस्पताल रायबरेली रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। तीसरे युवक रामजी को हल्की चोटें आई हैं।

मृतक शिवराम प्रजापति मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी लगभग पांच वर्ष पूर्व हुई थी। वह अपने पीछे पत्नी कुसुम देवी, दो वर्षीय बेटी और पांच माह की गर्भवती पत्नी को छोड़ गया है। शिवराम चार भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। उसके पिता जालंधर में मजदूरी करते हैं और उन्हें घटना की सूचना दे दी गई है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में शोक छा गया। पत्नी कुसुम देवी का स्वास्थ्य बिगड़ गया और परिजन तथा ग्रामीण उन्हें संभालने में जुटे रहे। पूरे गांव में गम का माहौल है। पुलिस ने मंगलवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शाम को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों में दुख का माहौल फिर गहरा गया। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उमड़ पड़े। पुलिस ने मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।