तेज आंधी-तूफान, बूंदाबांदी शुरू: तापमान गिरा, गर्मी से मिली राहत; ओलावृष्टि की संभावना
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ में मंगलवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। तेज आंधी और तूफान के साथ हल्की बूंदाबांदी शुरू हो गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। इस बदलाव के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई; पहले जहां यह करीब 30 डिग्री सेल्सियस था, वहीं गिरकर लगभग 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के ‘सचेत ऐप’ के अनुसार, अगले तीन घंटों के दौरान जिले के कुछ स्थानों पर तेज आंधी के साथ बिजली चमकने और ओलावृष्टि की भी संभावना है। इस अवधि में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और सुरक्षित जगहों पर रहें। विशेष रूप से पेड़ों, बिजली के खंभों और कच्चे मकानों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है। किसानों को भी सतर्क रहने और अपनी फसलों की सुरक्षा के उपाय करने को कहा गया है।