मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार

 

पांच चोरी की बाइक व 17,500 रुपये बरामद, छह वारदातों का खुलासा

 

नेपाल बॉर्डर पर बेचते थे चोरी के वाहन, पुलिस की सतर्कता से पकड़े गए

 

जितेन्द्र पाठक

 

#संतकबीरनगर। जिले में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिल और 17,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। इस कार्रवाई से वाहन चोरी की छह घटनाओं का खुलासा हुआ है।

 

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय के पर्यवेक्षण में कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने यह सफलता हासिल की। प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे के नेतृत्व में टीम ने गोला बाजार से दोनों आरोपियों को चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ गिरफ्तार किया।

 

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान किशन कुमार निवासी मटिहना और मनीष सिंह निवासी थवईपार के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे बाजारों और सड़कों के किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे और चोरी के बाद उन्हें सिद्धार्थनगर होते हुए नेपाल बॉर्डर पर बेच देते थे।

पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर सरौली रेलवे लाइन के किनारे से तीन और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कीं। बरामद वाहनों में विभिन्न स्थानों से चोरी की गई बाइक शामिल हैं, जिनमें खलीलाबाद, गोरखपुर और महुली थाना क्षेत्र की घटनाएं भी जुड़ी हुई हैं।

इस कार्रवाई के आधार पर कोतवाली खलीलाबाद में नया मुकदमा दर्ज करते हुए पूर्व मामलों में भी धाराएं बढ़ाई गई हैं। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक इतिहास दर्ज है।

 

पुलिस टीम की इस सफलता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लोगों में विश्वास बढ़ा है और वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने की दिशा में यह एक अहम कदम माना जा रहा है।