“बेस्ट ऑफ बस्ती अवार्ड” एवं स्थापना दिवस समारोह की तैयारियाँ पूर्ण, भव्य आयोजन को लेकर उत्साह
अनुराग लक्ष्य न्यूज
बस्ती । बस्ती जनपद के स्थापना दिवस के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले “बेस्ट ऑफ बस्ती अवार्ड” कार्यक्रम की सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। यह भव्य आयोजन 6 मई 2026 (बुधवार) को दोपहर 12 बजे से राजकीय इंटर कॉलेज, बस्ती के बहुउद्देशीय सभागार में आयोजित होगा।
नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ के अध्यक्ष भावेश पाण्डेय ने बताया कि “हम सभी इस कार्यक्रम को एक सुंदर, गरिमामय और यादगार आयोजन बनाने के लिए संकल्पित हैं। यह केवल एक सम्मान समारोह नहीं, बल्कि बस्ती की प्रतिभाओं, युवाशक्ति और समाज के उत्कृष्ट कार्यों को एक मंच पर लाने का प्रयास है। हमारा उद्देश्य है कि बस्ती के हर उस व्यक्ति को पहचान मिले, जिसने अपने कार्यों से समाज को सकारात्मक दिशा दी है।”
कार्यक्रम के संयोजक काज़ी फरजान एवं सह-संयोजक तेज प्रकाश शुक्ल ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि इस आयोजन की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल पर बैठने की व्यवस्था, मंच सज्जा, अतिथि स्वागत, सुरक्षा एवं अन्य सभी व्यवस्थाएँ सुव्यवस्थित रूप से सुनिश्चित की गई हैं, ताकि कार्यक्रम अत्यंत सुंदर और सफल ढंग से संपन्न हो सके।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में जिले के सम्मानित नागरिक, प्रमुख गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद, युवा एवं विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे।
“बेस्ट ऑफ बस्ती अवार्ड” का यह दूसरा संस्करण है, जिसमें बस्ती की उन विशिष्ट विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने अपने उत्कृष्ट कार्यों से जनपद का नाम रोशन किया है।
नेशनल एसोसिएशन ऑफ यूथ की पूरी टीम इस आयोजन को सफल बनाने के लिए पूर्ण रूप से तैयार है और सभी सदस्य मिलकर इस कार्यक्रम को भव्य रूप देने में जुटे हुए हैं।