प्रतापगढ़ में 16 वर्षीय छात्रा ने की आत्महत्या: हाल ही में इंटर पास किया था, कमरे में लटका मिला शव
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के कोहंडौर थाना क्षेत्र में एक 16 वर्षीय छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। छात्रा ने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक छात्रा की पहचान खुशबु रजक (16) पुत्री श्रीपाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सागींपुर घुईसरनाथ की निवासी थी। वह बचपन से ही कोहंडौर थाना क्षेत्र के सुन्दरियां पुरवा स्थित अपने मामा के घर रह रही थी। सोमवार शाम जब घर के अन्य सदस्य बाहर गए हुए थे, तब खुशबु ने अपने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और पंखे से दुपट्टे के सहारे फांसी लगा ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा कुछ देर बाद उसकी मामी नीलम घर लौटीं। उन्होंने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर मामी ने खिड़की से झांककर देखा तो खुशबु फंदे से लटकी हुई दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर कोहंडौर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दरवाजा खुलवाकर शव को नीचे उतारा और उसे कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। मामी नीलम की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है।