जिलाधिकारी ने ईवीएम वेयरहाउस का किया मासिक निरीक्षण, संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा–निर्देश
अम्बेडकरनगर। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित ईवीएम गोदाम/वेयरहाउस का मासिक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता एवं उनकी कार्यशीलता का गहनता से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वेयरहाउस की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समस्त मानकों एवं दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने वेयरहाउस में साफ-सफाई एवं डबल लॉक व्यवस्था आदि का भी निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा–निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ईवीएम एवं वीवी–पैड की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है, अतः सभी संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
इस अवसर पर प्रभारी अधिकारी ईवीएम परियोजना निदेशक डीआरडीए, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।