होमगार्ड भर्ती परीक्षा के मद्देनज़र होटल संचालकों से किराया नियंत्रित रखने की अपील, होटल रिजॉर्ट एसोसिएशन ने दिया सहयोग का आश्वासन

*होमगार्ड भर्ती परीक्षा के मद्देनज़र होटल संचालकों से किराया नियंत्रित रखने की अपील, होटल रिजॉर्ट एसोसिएशन ने दिया सहयोग का आश्वासन*

 

 

बहराइच, 23 अप्रैल। आगामी होमगार्ड भर्ती परीक्षा (25, 26 एवं 27 अप्रैल) को देखते हुए जिला प्रशासन ने जनपद के सभी होटल एवं रिजॉर्ट संचालकों से बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों और उनके परिजनों को राहत देने की अपील की है। प्रशासन ने अपेक्षा की है कि ठहरने के लिए न्यूनतम एवं उचित किराया ही लिया जाए, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

 

इस संबंध में होटल रिजॉर्ट वेल्फेयर एसोसिएशन, बहराइच के उपाध्यक्ष एवं प्रवक्ता मनीष मल्होत्रा ने बताया कि प्रशासन की अपील के मद्देनजर एसोसिएशन द्वारा सभी संचालकों से सहयोग के लिए आग्रह किया गया है।

उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की संख्या अधिक होने की संभावना है, एसोसिएशन ने सभी होटल रिजॉर्ट मालिकान से अपेक्षा की है कि परीक्षा देने आ रहे अभ्यर्थियों एवं उनके परिजनों को रियायती दरों पर कमरे उपलब्ध कराए जाएं। किसी भी परिस्थिति में किराया बढ़ाकर ना लिया जाए।

 

उन्होंने आग्रह किया कि जिला प्रशासन द्वारा की गई अपील को गंभीरता से लेते हुए सभी होटल एवं रिजॉर्ट संचालक पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ व्यवस्था सुनिश्चित करें।

 

एसोसिएशन ने सभी सदस्यों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखते हुए अभ्यर्थियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।

 

मल्होत्रा ने बताया कि होटल संचालकों ने इस मौके पर प्रशासन का पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया है।