महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। धर्मनगरी अयोध्या में पड़ रही प्रचंड गर्मी और लू के थपेड़ों को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से मुस्तैद नजर आ रहा है। इसी क्रम में राजकीय श्री राम अस्पताल और पुलिस प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए एक विशेष पहल की गई। स्वास्थ्य और पुलिस विभाग का संयुक्त प्रयास राजकीय श्री राम अस्पताल के (वाई पी सिंह)यश प्रकाश सिंह (स्वास्थ्य विभाग) के कुशल नेतृत्व एवं सीओ आशुतोष तिवारी के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए, राम जन्मभूमि थानाध्यक्ष सुमित कुमार श्रीवास्तव ने अपनी टीम के साथ मोर्चा संभाला। हनुमानगढ़ी के निकास द्वार पर पुलिस बल और स्वास्थ्य कर्मियों ने मिलकर दर्शन कर लौट रहे हजारों श्रद्धालुओं को ओआरएस (ORS) के पैकेट और घोल का वितरण किया। भीषण गर्मी से राहत की कोशिश दोपहर की तपती धूप और उमस के कारण श्रद्धालुओं को डिहाइड्रेशन (जलयोजन की कमी) से बचाने के लिए यह कदम उठाया गया। निकास द्वार पर तैनात पुलिसकर्मियों ने न केवल सुरक्षा व्यवस्था संभाली, बल्कि स्वयं आगे बढ़कर वृद्धों, बच्चों और असहायों को ओआरएस पिलाया। श्रद्धालुओं की सेवा ही हमारा सर्वोपरि धर्म है। इस भीषण गर्मी में कोई भी भक्त बीमार न पड़े, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग और पुलिस टीम समन्वय के साथ कार्य कर रही है। टीम नेतृत्व श्रद्धालुओं ने जताया आभार दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने इस पहल की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। दर्शनार्थियों का कहना था कि इतनी भीड़ और गर्मी के बीच ओआरएस मिलना किसी वरदान से कम नहीं है। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के इस तालमेल को स्थानीय लोगों ने भी एक बेहद सराहनीय और मानवीय कदम बताया है।
इस सेवा कार्य में राम जन्मभूमि थाने के समस्त स्टाफ और स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।