बहला-फुसलाकर जेवर ठगने वाले तीन शातिर गिरफ्तार, कैसरबाग पुलिस ने बरामद किए टॉप्स व लॉकेट

लखनऊ, । थाना कैसरबाग पुलिस ने महिला को बहला-फुसलाकर जेवर ठगने वाले तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से नगद रुपये और पीली धातु के आभूषण बरामद किए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमे में बढ़ोतरी करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया है।पुलिस के अनुसार, दिनांक 04 अप्रैल 2026 को वादिनी पिंकी, निवासी पुराना बरफ खाना उदयगंज थाना हुसैनगंज, ने थाना कैसरबाग में लिखित सूचना दी थी कि अज्ञात व्यक्तियों ने उसे रास्ते में बहला-फुसलाकर धोखाधड़ी करते हुए उसके कान के टॉप्स और मंगलसूत्र ले लिए। तहरीर के आधार पर थाना कैसरबाग में मुकदमा संख्या 61/2026 धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम ने आसपास लगभग 15 किलोमीटर क्षेत्र में लगे करीब 150 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन अवलोकन किया और अन्य इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों की सहायता से संदिग्धों की तलाश शुरू की।11 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सआदत अली मकबरे के पास घेराबंदी की, जहां एक गुमटी के पास बैठे तीन संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने अपने नाम शंकर राठौर, सुनील राठौर और प्रदीप राय बताए। सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने स्वीकार किया कि उन्होंने विधानसभा मार्ग पर एक महिला को बहला-फुसलाकर उसकी ज्वैलरी ठगी थी और पकड़े जाने के डर से भाग रहे थे।पुलिस ने तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से 490 रुपये नगद, एक पीली धातु का लॉकेट (लगभग 2.3 ग्राम) तथा एक जोड़ी पीली धातु के टॉप्स (प्रत्येक लगभग एक ग्राम) बरामद किए। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और सीधी-सादी महिलाओं को विश्वास में लेकर लालच देकर इस प्रकार की घटनाओं को अंजाम देते थे।पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) व 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त शंकर राठौर का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें बदायूं और गोरखपुर में धोखाधड़ी एवं एनडीपीएस एक्ट से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। अन्य अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।इस गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक गौरव बाजपेयी, उपनिरीक्षक प्रशान्त कुमार, उपनिरीक्षक पवन मौर्या, उपनिरीक्षक रणजीत सिंह तथा कांस्टेबल अक्षय चौधरी और कुलदीप राठौर की टीम शामिल रही।