रंग-बिरंगी पतंगे भी नजर आएंगी ब्रह्मसरोवर की फिजा में, महिलाओं की मटका रेस, युवाओं की मेहंदी व रंगोली प्रतियोगिता भी रहेगी आकर्षण का केंद्र, केडीबी मेला ग्राउंड में तैयारियां शुरू।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 13 अप्रैल को करेंगे बैसाखी महोत्सव 2026 का शुभारंभ।
कुरुक्षेत्र, प्रमोद कौशिक 10 अप्रैल : कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर पहली बार प्रदेश सरकार की तरफ से बैसाखी महोत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। इस महोत्सव में परंपरागत दंगल में पहलवानों की कसरत और जोश देखने को मिलेेगा। इसके साथ ही महिलाओं की मटका रेस और अन्य प्रतियोगिताएं भी मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगे। यह सभी प्रतियोगिताएं कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के मेला ग्राउंड में आयोजित होंगी। अहम पहलू यह है कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 13 अप्रैल को सुबह 11 बजे बैसाखी महोत्सव 2026 का आगाज करेंगे और 14 अप्रैल को भी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी समापन समारोह में शिरकत करेंगे। इस समापन समारोह में 500 ड्रोन का विशेष शो आकर्षण का केंद्र रहेगा।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने शुक्रवार को लघु सचिवालय के सभागार में अधिकारियों की बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से पहली बार कुरुक्षेत्र में सरकारी तौर पर प्रदेश स्तरीय बैसाखी महोत्सव 13 व 14 अप्रैल को किया जा रहा है। यह महोत्सव आम जन का महोत्सव है। इस महोत्सव को विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताएं यादगार बनाएंगी। इसमें प्रदेशभर से पहलवान परंपरागत दंगल में न केवल भाग लेंगे, अपितु प्रतियोगिताओं में भी अपना जौहर दिखाएंगे।
उन्होंने कहा कि बैसाखी महोत्सव में हरियाणा की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत को भी दर्शाया जाएगा। इसके लिए विशेष स्थान निर्धारित किया गया है। इस महोत्सव में दस्तारबंदी और पगड़ी की अलग-अलग प्रतियोगिताओं का भी आयोजन होगा। इस महोत्सव का खास जुड़ाव पतंगबाजी के साथ होगा। इसके लिए विभिन्न प्रकार की पतंगें देखने को मिलेगी और आकाश में भी रंग-बिरंगी और अलग आकार की पतंग देखने को मिलेगी। इस पतंगबाजी को लेकर भी प्रतियोगिता का आयोजन होना संभावित है।
उपायुक्त ने कहा कि महिलाओं एवं बाल विकास विभाग की तरफ से मटका दौड़ प्रतियोगिता के साथ-साथ मेहंदी और रेसिपी जैसी प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। इस महोत्सव को चार चांद लगाने के लिए युवा पीढ़ी भी दो दिन मेहंदी, रंगोली और पेंटिंग जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेंगी। इन सभी प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है और सभी मिलकर इस महोत्सव को सफल बनाने का काम करेंगे। इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त विवेक आर्य,एसडीएम अमन कुमार,नगराधीश आशीष कुमार, एसएसपी सुनील कुमार आदि अधिकारी उपस्थित थे।