संतकबीरनगर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अवैध हथियारों के साथ आरोपी गिरफ्तार
दुधारा थाना व एसओजी की संयुक्त टीम ने दबोचा शातिर, पिस्टल व तमंचे बरामद
नेपाल बॉर्डर से हथियार लाने की फिराक में था आरोपी, पूछताछ में हुआ खुलासा
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर में दुधारा थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध असलहों के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पिपरा बोरिंग के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कमलेश यादव पुत्र रामशब्द यादव निवासी रसीदाबाद, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़ के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से 32 बोर की एक पिस्टल, 9 एमएम की एक पिस्टल, 315 बोर के दो देशी तमंचे तथा चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। साथ ही एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी सीज की गई है।
पुलिस ने गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर थाना दुधारा में आयुध अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह बरामद हथियार नेपाल बॉर्डर से एक अज्ञात व्यक्ति से खरीदकर ला रहा था। उसने यह भी बताया कि पारिवारिक दुश्मनी के चलते वह इन हथियारों को अपने घर ले जा रहा था और पुलिस द्वारा रास्ते में पकड़ लिया गया।
पुलिस के अनुसार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है और उस पर पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट जैसी गंभीर धाराएं शामिल हैं।
इस सफल कार्रवाई में दुधारा थाना प्रभारी सहित एसओजी टीम के कई पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत आगे भी अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहने की बात कही गई है।