लखनऊ। राजधानी में यातायात नियमों के पालन को सख्ती से लागू कराने के उद्देश्य से लखनऊ पुलिस द्वारा दोपहिया वाहनों के विरुद्ध विशेष सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। दिनांक 03 अप्रैल 2026 से 05 अप्रैल 2026 तक संचालित इस अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ व्यापक और प्रभावी कार्रवाई की गई, जिसमें कुल 5410 वाहनों का चालान किया गया तथा 293 वाहनों को सीज किया गया।यह अभियान पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के दिशा-निर्देशन तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) के पर्यवेक्षण में कमिश्नरेट लखनऊ के सभी थानों और जोनों में एक साथ चलाया गया। अभियान का उद्देश्य नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। इसके तहत सभी प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, चौकी प्रभारी और बीट इंचार्ज द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में बैरियर लगाकर पुलिस बल के साथ सघन चेकिंग की गई।
अभियान के दौरान शहर के पश्चिमी, मध्य, उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी—सभी पांच जोनों में पुलिस उपायुक्तों के नेतृत्व में टीमों ने कार्रवाई की। चेकिंग तीन अलग-अलग समयावधि—प्रातः 07:00 से 09:00 बजे, दोपहर 12:00 से 14:00 बजे तथा रात्रि 21:00 से 23:00 बजे—के दौरान प्रमुख बाजारों, चौराहों, बस स्टैंडों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर की गई। इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने, बिना नंबर प्लेट वाहन चलाने, अमान्य दस्तावेज रखने, तेज गति से वाहन चलाने, बाइक स्टंट करने, विपरीत दिशा में वाहन चलाने तथा ट्रिपल राइडिंग जैसे उल्लंघनों पर कड़ी कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान कुल 18,649 वाहनों की चेकिंग की गई, जिनमें से 5410 वाहनों के चालान किए गए और 293 वाहनों को सीज किया गया। जोनवार कार्रवाई में पश्चिमी जोन में 3157 वाहनों की जांच कर 879 चालान और 29 वाहन सीज किए गए। पूर्वी जोन में 2814 वाहनों की जांच कर 1038 चालान और 33 वाहन सीज किए गए। मध्य जोन में 2650 वाहनों की जांच के दौरान 895 चालान और सर्वाधिक 101 वाहन सीज किए गए। उत्तरी जोन में 2053 वाहनों की जांच में 479 चालान और 22 वाहन सीज किए गए, जबकि दक्षिणी जोन में 2172 वाहनों की जांच के दौरान 590 चालान और 40 वाहन सीज किए गए। इसके अतिरिक्त यातायात पुलिस द्वारा 5803 वाहनों की जांच कर 1529 चालान और 68 वाहन सीज किए गए।यह विशेष चेकिंग अभियान शहर के प्रमुख स्थानों जैसे कैसरबाग-हुसैनगंज, नक्खास, अटल चौक, तेलीबाग चौराहा, 1090 चौराहा, आईटी चौराहा, निशातगंज क्रॉसिंग और अवध चौराहा सहित अन्य व्यस्त चौराहों पर चलाया गया। सभी जोनों में सहायक पुलिस आयुक्त और थाना प्रभारियों के नेतृत्व में विशेष टीमें तैनात रहीं, जिन्होंने नियम उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई के साथ-साथ नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक भी किया।लखनऊ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनें, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करें, वाहनों की मूल संरचना में अवैध परिवर्तन न करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और ट्रिपल राइडिंग से बचें। साथ ही उच्च सुरक्षा वाली पंजीकरण प्लेट (HSRP) का उपयोग करने की भी सलाह दी गई है।पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने कहा कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने की यह पहल एक दीर्घकालिक प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जिसका उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को कम करना और नागरिकों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए इस प्रकार के अभियान और अधिक सख्ती के साथ जारी रखे जाएंगे।