आत्महत्या के रोकधाम हेतु मेंटल हेल्थ एंड वेलबीइंग कमेटी द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

आत्महत्या के रोकधाम हेतु मेंटल हेल्थ एंड वेलबीइंग कमेटी द्वारा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

 

अम्बेडकरनगर नगर।महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज, अम्बेडकर नगर के प्राचार्य डॉ.मुकेश यादव के मार्गदर्शन में 02 अप्रैल 2026 को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की मेंटल हेल्थ एंड वेलबीइंग कमेटी के तत्वावधान में एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी उच्च शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा आत्महत्या के पूर्व संकेतो एवं जोखिमों को कम करने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान करना था।

इस कार्यक्रम में आंबेडकर नगर के बी.ऐन.के.वी. पीजी कॉलेज, सी. बी. सिंह लॉ कॉलेज के छात्र-छात्राएं एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के पूर्व मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य ने आये प्रतिनिधियों से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम के उद्देश्य की जानकारी दी एवं यूजीसी द्वारा गठित मेंटल हेल्थ एंड वेलबीइंग कमेटी के गठन, उद्देश्य एवं महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि प्रत्येक शैक्षणिक संस्थान में काउंसलर की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है।

इसके उपरांत डॉ.सुधांशु ने अवसाद (डिप्रेशन) विषय पर अपने विचार व्यक्त किए साथ ही समाज में व्याप्त मानसिक बीमारी सम्बंधित भ्रांतियों का खंडन किया| डॉ. पारुल यादव ने एंजाइटी डिसऑर्डर तथा नशे से संबंधित मानसिक समस्याओं के कारणों और उनके प्रभावों पर विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंतर्गत विभागाध्यक्ष डॉ. अमित कुमार गुप्ता ने आत्महत्या से जुड़े जोखिम कारकों, संभावित खतरों, चेतावनी संकेतो तथा उनके प्रभावी प्रबंधन के बारे में विस्तृत व्याख्यान दिया।

इस अवसर पर डॉ.मनोज गुप्ता , डॉ. अनिल सिंह ,डॉ.श्रृष्टि पाल, डॉ. निहारिका , डॉ.विशेष, डॉ. संदीप शर्मा डॉ.सुनील एवं समस्त संकाय सदस्य उपस्थित रहे |कार्यक्रम के सफल आयोजन में मेडिकल कॉलेज के शिक्षक संघ द्वारा विशेष सहयोग प्रदान किया गया एवं कार्यक्रम के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गयी |

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ परामर्श लेने के लिए प्रेरित किया गया।