पुलिस ने मोबाइल चोरी गिरोह का किया खुलासा, 11 मोबाइल बरामद
2 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
खलीलाबाद पुलिस की कार्रवाई, चोरी और नशे के कारोबार का भंडाफोड़
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मोबाइल चोरी की घटना का खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से चोरी के 11 मोबाइल (अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये) तथा 2 किलो 300 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान रामप्रवेश राजभर पुत्र सीताराम निवासी बालूशासन थाना कोतवाली खलीलाबाद तथा छोटू राजभर उर्फ मामा पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम निवासी ग्राम बनौली थाना बेलहरकला जनपद संतकबीरनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने रामप्रवेश को बड़गो से अजगइवा घाट रोड के पास तथा छोटू को ग्राम पटखौली के पास आरटीओ ऑफिस के निकट से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत अलग-अलग मुकदमे पंजीकृत किए गए हैं।
ज्ञात हो कि 1 अप्रैल 2026 को इकरार खान पुत्र अनवर खान निवासी ईंट भट्ठा स्थल ग्राम दशहरा द्वारा थाना कोतवाली खलीलाबाद में प्रार्थना पत्र देकर बताया गया था कि 28 मार्च की रात अज्ञात चोर खिड़की तोड़कर चार लोगों के मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। इस संबंध में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे रात के समय गांवों और चौराहों पर सो रहे लोगों के मोबाइल चोरी करते थे। चोरी के मोबाइल और अवैध गांजा बेचकर ही वे अपना खर्च चलाते थे। बरामद मोबाइलों में से चार मोबाइल जैन ईंट भट्ठा रसहरा (दशहरा) से चोरी किए गए थे, जबकि अन्य मोबाइल विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए थे।
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश दुबे के साथ उपनिरीक्षक विनोद कुमार यादव, अश्वनी कुमार तिवारी, अशोक कुमार दूबे तथा कांस्टेबल राकेश कुमार गौड़ और उमेश कुमार शामिल रहे।