मॉडल कम्युनिटी सेंटर में प्रमाणपत्र वितरण समारोह आयोजित

मॉडल कम्युनिटी सेंटर में प्रमाणपत्र वितरण समारोह आयोजित

 

विभिन्न कोर्स पूरा करने वाली 56 छात्राओं को वितरित किए गए प्रमाण पत्र

लखनऊ l सामाजिक संस्था ज़कात एंड चैरिटेबल फाउंडेशन पिछले चार वर्षों से समाज सेवा और जनकल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर कार्य कर रही है। इसी उद्देश्य से फाउंडेशन द्वारा लड़कियों और महिलाओं के स्किल डेवलपमेंट के लिए लखनऊ के विभिन्न क्षेत्रों अकबरी गेट, बसंत कुंज और अंबरगंज में मॉडल कम्युनिटी सेंटर के नाम से तीन केंद्र स्थापित किए गए हैं, जहाँ सिलाई-कढ़ाई, मेहंदी डिजाइन, स्पोकन इंग्लिश और बेसिक कंप्यूटर जैसे उपयोगी कोर्स कराए जाते हैं।

इसी क्रम में झवाई टोला, अकबरी गेट स्थित मॉडल कम्युनिटी सेंटर में तीन महीने का प्रशिक्षण पूरा करने वाली छात्राओं के लिए आज प्रमाणपत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर सिलाई-कढ़ाई, मेहंदी डिजाइन, स्पोकन इंग्लिश और बेसिक कंप्यूटर कोर्स पूरा करने वाली 56 छात्राओं को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। समारोह में छात्राओं के साथ उनके अभिभावकों की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती शाहीन इस्लाम उपस्थित रहीं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि ज़कात एंड चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा लड़कियों और महिलाओं की प्रतिभा और क्षमता को विकसित करने के लिए चलाए जा रहे ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम अत्यंत सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि आज के समय में कौशल आधारित शिक्षा न केवल आत्मविश्वास बढ़ाती है, बल्कि आर्थिक आत्मनिर्भरता का मार्ग भी प्रशस्त करती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इन कोर्सों से लाभान्वित होने वाली छात्राएँ भविष्य में अपनी क्षमताओं का बेहतर उपयोग करते हुए स्वयं सशक्त बनेंगी और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाएँगी।

इस अवसर पर ज़कात एंड चैरिटेबल फाउंडेशन की ओर से उपस्थित मोहम्मद शाहिद ने बताया कि वर्तमान में फाउंडेशन के अंतर्गत तीन स्थानों पर मॉडल कम्युनिटी सेंटर सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं, जहाँ बड़ी संख्या में लड़कियाँ और महिलाएँ विभिन्न प्रकार के कौशल सीख रही हैं। उन्होंने कहा कि फाउंडेशन की योजना है कि निकट भविष्य में और अधिक क्षेत्रों में नए केंद्र स्थापित किए जाएँ, ताकि अधिक से अधिक लोगों को कौशल प्रशिक्षण का लाभ मिल सके।

कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को प्रमाणपत्र वितरित किए गए और उनकी हौसला-अफजाई की गई। इस अवसर पर डॉक्टर उज़मा मुबश्शिर, फरह अदीबा, सुबूही अलवी, समीरा फातिमा उपस्थ्ति थीं।