अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल अधेड़ की मौत: प्रतापगढ़ में सड़क पार करते समय हुआ था हादसा, पुलिस जांच जारी
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
पट्टी के कंधई थाना क्षेत्र में 29 अक्टूबर की रात सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 50 वर्षीय प्रेमचंद गौतम की बुधवार सुबह इलाज. के दौरान मौत हो गई। धरमपुर गांव निवासी प्रेमचंद को सड़क पार करते समय एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। घटना 29 अक्टूबर की देर रात उस समय हुई जब प्रेमचंद गौतम पट्टी कोतवाली क्षेत्र के गड़ौरी खुर्द गांव से अपने घर लौट रहे थे। रानीगंज की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें सड़क पार करते समय जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वे कई फीट दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में सुधार न होने पर उन्हें स्वरूप रानी मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज भेजा गया। कई दिनों तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद बुधवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। मृतक प्रेमचंद गौतम अपने पीछे पत्नी प्रतिभा देवी और दो बेटियां अपेक्षा (14) व अनुष्का (8) छोड़ गए हैं। गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर कोई नियंत्रण नहीं है, जिससे आए दिन ऐसे हादसे हो रहे हैं। इस संबंध में उप निरीक्षक कमलेश कुमार ने बताया कि पीड़िता की तहरीर प्राप्त हो गई है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। अज्ञात वाहन की पहचान कर उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।