99.1 प्रतिशत अंकों के साथ प्रणव रामबाग के टॉपर: अजिंक्य, रौनक दूसरे स्थान पर
“शिक्षा और संस्कार ही विद्या भारती की पहचान: गोविन्द सिंह
विद्या मन्दिर रामबाग में परीक्षा फल एवं पुरस्कार वितरण समारोह सम्पन्न
बस्ती। आज सरस्वती विद्या मन्दिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय रामबाग बस्ती में परीक्षाफल एवं पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न हुआ। कक्षा 7D के भैया प्रणव शुक्ल 99.10 प्रतिशत अंकों के साथ विद्यालय के टॉपर छात्र बने, जबकि कक्षा 9B के भैया अजिंक्य प्रताप सिंह एवं 7A के भैया रौनक त्रिपाठी 98.00 प्रतिशत अंकों के साथ संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे। कक्षा 9A के भैया अरुणेश कुमार त्रिपाठी 97.83 प्रतिशत अंक प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे।
कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन, पुष्पार्चन एवं वन्दना से हुआ।अतिथि परिचय व स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह ने कराया, कार्यक्रम की प्रास्ताविकी प्रस्तुत की एवं परीक्षा परिणाम की घोषणा की।
मंच पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बस्ती विभाग के विभाग प्रचारक मा. ऋषि जी, विद्यालय प्रबन्ध समिति के प्रबन्धक डॉ. (प्रो.) सुरेन्द्र प्रताप सिंह, कोषाध्यक्ष श्री प्रहलाद मोदी, प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह के अतिरिक्त मुख्य अतिथि के रूप में पाण्डेय इंटर कॉलेज बस्ती के शिक्षा शास्त्र विभाग के अवकाश प्राप्त प्रवक्ता श्री जय प्रकाश पाठक जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर शिशु मंदिर रामबाग के प्रधानाचार्य श्री भानु प्रताप त्रिपाठी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री अरविन्द त्रिपाठी, प्रान्त गोसेवा प्रमुख श्री अखिलेश जी, वरिष्ठ अधिवक्ता श्री गौरी शंकर पाण्डेय, श्री सत्यम मिश्र, श्री दिग्विजय नाथ मिश्र आदि उपस्थित रहे। इस भव्य कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में अन्य अभिभावकों की भी उपस्थिति रही। विद्यालय की वंदना एवं संगीत टोली द्वारा गीत भी प्रस्तुत किये गये।
पुरस्कार वितरण की श्रृंखला में वर्ग में, कक्षा में एवं विद्यालय में प्रथम द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त भैयाओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही प्रत्येक वर्ग के आदर्श छात्र एवं पूरे वर्ष सर्वाधिक उपस्थित रहे छात्र भी सम्मानित किये गये।
अखिल भारतीय एवं क्षेत्रीय स्तर पर प्रथम पुरस्कार प्राप्त ज्ञान विज्ञान मेला, अटल टिंकरिंग लैब, निबन्ध प्रतियोगिता, शारीरिक विभाग के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। इसी प्रकार राज्य स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी, इंस्पायर एवार्ड, अमर उजाला ओलम्पियाड, आपरेशन सिन्दूर क्विज, सुपर किड्स क्विज के विजेता छात्रों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय घोष दल, साज – सज्जा एवं वन्दना परिषद के छात्र भी पुरस्कृत किये गये। साथ ही संस्कृति ज्ञान परीक्षा में शत प्रतिशत अंक प्राप्त तीन अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। इसी क्रम में विद्यालय के सभी आचार्य भी सम्मानित किए गये।
अपने संबोधन में छात्रों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बस्ती विभाग के विभाग प्रचारक ऋषि जी ने विद्या भारती की चर्चा करते हुए कहा कि शिक्षा और संस्कार विद्या भारती की विशेषता है। भारत का चरित्र विद्या भारती में परिलक्षित होता है। उन्होंने पंच परिवर्तन की भी चर्चा की। उन्होंने आगे कहा कि विद्या भारती के विद्यालयों में राष्ट्र को सर्वोपरि स्थान दिया जाता है। ज्ञान, कर्तव्य, राष्ट्रप्रेम शिक्षा के उद्देश्य हैं।
विद्यालय के प्रबन्धक डॉ. सुरेन्द्र प्रताप सिंह ने सभी को महावीर जयन्ती और हनुमान जयन्ती की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने छात्रों से कहा कि आज का परीक्षा परिणाम आचार्यों और छात्रों के परिश्रम का परिणाम है। कम अंक पाने वाले निराश न हों, प्रयास करके उच्च अंक प्राप्त कर सकते हैं। विद्या मंदिर के छात्र सभी क्षेत्रों में नाम रोशन कर रहेंगे और करते रहेंगे। अपने परिणामों से निराश होने की आवश्यकता नहीं है। विद्यालय सतत विकास की तरफ उन्मुख है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि छात्र भगवान महावीर के जीवन से शिक्षा लेकर समाज में उच्च आदर्श प्रकट करेंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री जय प्रकाश पाठक ने भी छात्रों को उनकी सफलता पर बधाई दी। विद्यालय के परीक्षा प्रमुख श्री आशीष सिंह ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया। आगंतुकों के प्रति आभार विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री गोविन्द सिंह ने प्रकट किया। कार्यक्रम का समापन शांति मंत्र के साथ हुआ।