आपदा प्रबन्धन के लिए प्रशिक्षित किये गये जिले के अधिकारी 

आपदा प्रबन्धन के लिए प्रशिक्षित किये गये जिले के अधिकारी

बहराइच 29 मार्च। उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबन्धन प्राधिकरण तथा जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी के निर्देशानुसार जिला प्रशासन व जिला आपदा प्रबन्ध प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान 28 से 30 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले 03 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के दूसरे दिन कलेक्ट्रेट स्थित जनसुनवाई कक्ष में जनपद के 100 जिला स्तरीय अधिकारियों व कर्मचारियों को आपदा जोखिम न्यूनीकरण में हितधारकों की भूमिका विषयक पर विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जनपद स्तरीय हितधारको के क्षमता संवर्धन हेतु मौजूद अधिकारियों के साथ विभिन्न प्रकार के आपदाओं के प्रभाव को न्यून से न्यूनतम करने के उद्देश्य से आपदा पूर्व प्रभावी तैयारी, रणनीति एवं कार्ययोजना तैयार करने के लिए विचार विमर्श किया गया। विशेष विशेषज्ञों की ओर से मौजूद अधिकारियों को क्या करें और क्या न करें के सम्बन्ध में महत्वपूर्ण सुझाव दिये गये इसके साथ ही राज्य आपदा मोचक निधि के अन्तर्गत दी जाने वाली राहत सहायता तथा क्षति आंकलन के बारे मे भी जानकारी दी गयी।

प्रशिक्षण कार्यक्रक के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा एण्टी स्नैक वेनम, संक्रामक रोगों की रोकथाम विशेषकर बाढ़ आपदा से पूर्व की जाने वाली तैयारियों एवं बाढ़ के उपरान्त जनस्वास्थ्य हेतु बरती जाने वाली सावधानियों के महत्व तथा जनहानि होने पर मृत्यु प्रमाण पत्र के महत्व के बारे मे बताया गया। कृषि विभाग द्वारा फसलों के नुकसान व राहत सहायता, बाढ़ वाले क्षेत्रों मे अलग अलग तरह के फसलों की बुवाई, विद्युत विभाग द्वारा आपदा के समय विद्युत आपूर्ति व नियंत्रण तथा बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में जानकारी दी गई।

जिला आपदा विशेषज्ञ सुनील कुमार कनौजिया द्वारा आपदा जोखिम न्यूनीकरण विषय पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया तथा जनपद के विभिन्न विभागों जैसे स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, सिंचाई विभाग, पुलिस विभाग, राजस्व विभाग आदि उपस्थित विभागों के कार्य व दायित्व व अनुभवों को अन्तर्विभागीय साझाकरण कराया गया तथा कार्यक्रम में सम्मिलित मास्टर ट्रेनर अनिल कुमार वर्मा व सुनील कुमार चौधरी तथा शिवम सिंह द्वारा विभिन्न आपदाओं पर क्या करें-क्या न करें के सम्बन्ध में जानकारी प्रदान की गयी है। कार्यक्रम को सफल बनाने में आपदा कार्यालय के समस्त स्टॉफ द्वारा सराहनीय सहयोग प्रदान किया गया। अपर जिलाधिकारी अमित कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम के अन्तिम दिन 30 मार्च 2026 को 100 आपदा मित्रों को प्रशिक्षण प्रदान किया जायेगा।

:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः