लखनऊ,परिवहन विभाग द्वारा प्रदेश में योग्य चालकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रत्यायन चालन प्रशिक्षण केन्द्रों की स्थापना एवं रखरखाव के लिए एक नया ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया गया है और सभी आवेदन ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे।अध्यक्ष, राज्य परिवहन प्राधिकरण उत्तर प्रदेश किंजल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक एवं पात्र आवेदक 1 अप्रैल 2026 को अपराह्न 12 बजे से पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रपत्र सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ ऑनलाइन जमा करना अनिवार्य होगा।उन्होंने बताया कि प्रदेश के कुल 20 जनपदों में 32 प्रशिक्षण केन्द्रों की स्थापना के लिए रिक्तियां निर्धारित की गई हैं। इनमें बलिया में सर्वाधिक 4 रिक्तियां हैं, जबकि कानपुर नगर और बदायू में 3-3 पद निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा महराजगंज, लखीमपुर खीरी, सिद्धार्थनगर, संत कबीर नगर और बलरामपुर में 2-2 रिक्तियां हैं।शेष जनपदों—रामपुर, हरदोई, फिरोजाबाद, अम्बेडकरनगर, कुशीनगर, बहराइच, फर्रूखाबाद, चन्दौली, फतेहपुर, महोबा, चित्रकूट और श्रावस्ती में 1-1 प्रशिक्षण केन्द्र की स्थापना की जाएगी।परिवहन विभाग का यह कदम प्रदेश में प्रशिक्षित चालकों की संख्या बढ़ाने और सड़क सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
—————-