झांसी लिंक एक्सप्रेसवे के लिए 1190 करोड़ रुपये स्वीकृत, जालौन और झांसी में भूमि अधिग्रहण को मिलेगा गति

लखनऊ, उत्तर प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में झांसी लिंक एक्सप्रेसवे परियोजना के लिए पुनर्विनियोग के माध्यम से 11 अरब 90 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। इस फैसले से परियोजना के तहत भूमि अधिग्रहण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।जारी आदेश के अनुसार जालौन के जिलाधिकारी को 14,430 लाख रुपये तथा झांसी के जिलाधिकारी को 1,04,570 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।औद्योगिक विकास विभाग द्वारा जारी आदेश में बताया गया है कि जालौन में 212.52 हेक्टेयर भूमि के लिए अनुमानित लागत 1,44,30,00,000 रुपये के सापेक्ष पूरी धनराशि अवमुक्त की गई है। वहीं झांसी में 1189.32 हेक्टेयर भूमि के लिए अनुमानित लागत 10,62,82,00,000 रुपये के सापेक्ष 10,45,70,00,000 रुपये जारी किए गए हैं।सरकार का उद्देश्य इस परियोजना के माध्यम से क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करना और बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास को नई गति देना है। झांसी लिंक एक्सप्रेसवे के निर्माण से परिवहन सुविधाएं बेहतर होंगी और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।