नवरात्रि में रखें स्वास्थ्य का ध्यान, अपनाएं सात्विक और पौष्टिक आहार – प्रो. डॉ. नवीन सिंह
बस्ती। नवरात्रि के पावन पर्व में जहाँ एक ओर भक्तजन मां दुर्गा की उपासना में लीन रहते हैं, वहीं उपवास के दौरान सही आहार का चयन करना भी अत्यंत आवश्यक होता है। इस संबंध में संकल्प योग वेलनेस सेंटर, बस्ती के निदेशक प्रो. डॉ. नवीन सिंह ने बताया कि व्रत के दौरान शरीर को ऊर्जावान और स्वस्थ बनाए रखने के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि नवरात्रि में उपवास रखने वाले लोगों को ऐसे खाद्य पदार्थों का सेवन करना चाहिए जो हल्के, सुपाच्य और पोषण से भरपूर हों।
प्रो. सिंह के अनुसार, फल और सब्जियाँ व्रत के दौरान सबसे अच्छे विकल्प हैं। इनमें मौजूद विटामिन और मिनरल्स शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं। इसके साथ ही सामक चावल (व्रत के चावल) आसानी से पचने वाले होते हैं और लंबे समय तक ऊर्जा बनाए रखते हैं।
उन्होंने आगे बताया कि मखाना, बादाम और काजू जैसे ड्राई फ्रूट्स प्रोटीन और फाइबर के अच्छे स्रोत हैं, जो शरीर को मजबूती देते हैं। वहीं दही और पनीर जैसे डेयरी उत्पाद शरीर को आवश्यक प्रोटीन प्रदान करते हैं और पाचन तंत्र को भी स्वस्थ रखते हैं।
ऊर्जा बनाए रखने के लिए शकरकंद और आलू का सेवन भी लाभकारी बताया गया है। इसके अलावा राजगिरा, कुट्टू का आटा और सिंघाड़े का आटा जैसे अनाज व्रत में उपयोगी होते हैं और पोषण की कमी को पूरा करते हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि नवरात्रि केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं है, बल्कि यह शरीर और मन को शुद्ध करने का भी अवसर है। इसलिए इस दौरान संयमित आहार, पर्याप्त जल सेवन और सकारात्मक सोच अपनाना चाहिए।
— प्रो. डॉ. नवीन सिंह
निदेशक, संकल्प योग वेलनेस सेंटर, बस्ती