तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा, प्रेमी गिरफ्तार
नहर पुलिया के नीचे मिला था युवती का शव, पूछताछ में आरोपी ने कबूला हत्या का जुर्म
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर, कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर एक ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बबलू चौहान पुत्र हरहंगी महतो निवासी बसौनापुर थाना गोपालपुर जनपद गोपालगंज (बिहार) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे अजगइबा घाट के पास से दबोचा।
पुलिस के अनुसार 11 मार्च 2026 को कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के ग्राम सभा मोहद्दीनपुर के पास नहर पुलिया के नीचे एक अज्ञात युवती का शव और एक बैग मिला था। पुलिस ने शव की पहचान के लिए कई माध्यमों से प्रयास किया, जिसके बाद परिजनों ने युवती की पहचान सुमन के रूप में की, जो जनपद बस्ती की रहने वाली थी।
परिजनों ने बताया कि सुमन पिछले दो वर्षों से बाहर रहकर आर्केस्ट्रा में नाचने-गाने का काम करती थी और कभी-कभी घर आती थी। होली के दिन वह घर आई थी और अगले दिन खलीलाबाद में कार्यक्रम होने की बात कहकर बैग लेकर निकल गई, जिसके बाद उससे संपर्क नहीं हो पाया। बाद में खलीलाबाद में मिले शव की पहचान परिजनों ने सुमन के रूप में की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी बबलू चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि सुमन से उसका करीब आठ महीने से प्रेम संबंध था और वह उससे शादी करना चाहता था। दोनों बनकटिया के पास किराए के कमरे में रहते थे। आरोपी के अनुसार सुमन अक्सर फोन पर किसी से बात करती थी, जिससे वह नाराज रहता था। इसी बात को लेकर उसने हत्या की योजना बनाई।
आरोपी ने बताया कि 6 मार्च को सहजनवा के पास एक कार्यक्रम में डांस करने के बाद वह 7 मार्च की भोर में सुमन को बाइक से लेकर बनकटिया लौट रहा था। रास्ते में मोहद्दीनपुर नहर पुलिया के पास सुनसान जगह देखकर उसने उसका गला दबाकर हत्या कर दी और शव को पुलिया के नीचे फेंक दिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से कपड़े, सिंगार का सामान, दो जोड़ी जूते, महिला हैंडबैग, आधार कार्ड, श्रम कार्ड, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बरामद किया है।
घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।