यातायात माह: सेंट नॉर्बर्ट्स स्कूल के छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों और राहवीर योजना के प्रति किया जागरूक

यातायात माह: सेंट नॉर्बर्ट्स स्कूल के छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों और राहवीर योजना के प्रति किया जागरूक

सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद कर बचा सकते हैं अनमोल जीवन, राहवीरों को मिलता है संरक्षण एवं पुरस्कार

बहराइच। यातायात माह के अंतर्गत शुक्रवार को यातायात पुलिस बहराइच की ओर से सेंट नॉर्बर्ट्स स्कूल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस के अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि सड़क पर चलते समय यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। सड़क पार करते समय जेब्रा क्रॉसिंग का प्रयोग करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई।