प्लेसमेंट ड्राइव छात्रों के पेशेवर दुनिया में जाने के महत्वपूर्ण सफर -संजय कुमार शुक्ल
बस्ती। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान में गुरुवार को प्रशिक्षित डीएलएड प्रशिक्षुओं हेतु प्लेसमेंट ड्राइव एवं करियर काउंसिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डायट प्राचार्य संजय कुमार शुक्ल ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित करके किया। डीएलएड प्रशिक्षुओ को संबोधित करते हुए डायट प्राचार्य ने कहा कि प्लेसमेंट ड्राइव छात्रों के अकादमिक जगत से पेशेवर दुनिया में जाने के सफर का एक अहम मोड़ होता है। कहा कि प्रदर्शन का दबाव, नए अवसरों का उत्साह और प्रतिस्पर्धा की चिंता इस अनुभव को रोमांचकारी और चुनौतीपूर्ण दोनों बनाती है।
जीडी गोयनका स्कूल की प्रिंसिपल हुमा वसीम ने कहा कि प्लेसमेंट ड्राइव आपके करियर की शुरुआत मात्र है। इस दौरान आप जो कौशल, दृढ़ता और अनुकूलन क्षमता विकसित करेंगे, वह मनचाही नौकरी मिलने के बाद भी आपके लिए लंबे समय तक उपयोगी साबित होगी। आरएलएमसी स्कूल बस्ती की डायरेक्टर प्रीति खंडेलवाल ने कहा कि आज के समय में करियर के अवसर केवल सरकारी नौकरियों तक सीमित नहीं हैं। निजी क्षेत्र, उद्यमिता, स्टार्टअप, डिजिटल सेवाओं और कौशल आधारित क्षेत्रों में युवाओं के लिए अनेक संभावनाएँ उपलब्ध हैं। युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार करियर की योजना बनानी चाहिए। जी डी गोयनका की काउंसलर गुरजीत कौर एवं टीजीटी टीचर मधुबाला ने कहा कि अपनी क्षमताओं पर विश्वास करना महत्वपूर्ण है, लेकिन याद रखें कि हर कोई सीखने की प्रक्रिया में है। प्रतिक्रियाओं के लिए हमेशा तैयार रहें और हर अनुभव को, चाहे वह सफल हो या असफल, विकास के अवसर के रूप में देखें। कार्यक्रम के नोडल कुलदीप चौधरी और सह नोडल अलीउद्दीन खान ने कहा कि प्लेसमेंट ड्राइव में सफल होने का मतलब पहली ही बार में नौकरी पाना नहीं है, बल्कि अनुभव से सीखना और आगे बढ़ना है। हर परीक्षा, हर बातचीत और हर इंटरव्यू आपके कौशल को निखारता है, आपका आत्मविश्वास बढ़ाता है।
इस अवसर पर डायट प्रवक्ता डॉ रविनाथ, डॉ गोविन्द, डॉ ऋचा शुक्ला, अलीउद्दीन खान, शशि दर्शन त्रिपाठी, नवनीत कुमार, अनिल चौधरी आदि उपस्थित रहे।