संतकबीरनगर में यूपी एसआई भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, अधिकारियों ने किया निरीक्षण
परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए पुलिस बल को दी गई सख्त हिदायतें
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर, उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक (UPSI) भर्ती परीक्षा 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है। इसी क्रम में जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से कलेक्ट्रेट सभागार में परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि जनपद के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों में आयोजित होने वाली परीक्षा को सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, नेहरू कृषक इंटर कॉलेज, आचार्य रामविलास इंटर कॉलेज, पीवी गर्ल्स इंटर कॉलेज, हीरालाल इंटर कॉलेज सहित अन्य परीक्षा केंद्रों पर तैनात पुलिसकर्मियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए ब्रीफ किया गया।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदवन सिंह, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार सहित संबंधित थानों के प्रभारी और परीक्षा ड्यूटी में लगे पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की सघन तलाशी सुनिश्चित की जाए और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट या प्रतिबंधित सामग्री को अंदर ले जाने की अनुमति न दी जाए। सभी पुलिसकर्मी और केंद्र व्यवस्थापक निर्धारित समय से पहले अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचें। परीक्षा केंद्रों के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न होने दी जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जाए।
अधिकारियों ने यह भी निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या नकल कराने वाले गिरोहों पर विशेष नजर रखी जाए। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेटों के साथ निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा हर गतिविधि की सूचना कंट्रोल रूम को देने के लिए भी निर्देशित किया गया।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कंट्रोल रूम, जनपदीय कंट्रोल रूम और डायल-112 को भी पूरी तरह अलर्ट रखा गया है। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि परीक्षा ड्यूटी में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जनपद पुलिस ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचें और परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराने में प्रशासन का सहयोग रहा।