सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 24 मार्च को उत्सव, मेधावियों पर होगी पुरस्कारों की बारिश
वार्षिक परिणाम के साथ प्रवेश परीक्षा का आयोजन, नए सत्र की शुरुआत 2 अप्रैल से
आधुनिक सुविधाओं के साथ छात्रों के सर्वांगीण विकास पर विद्यालय का जोर
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर। जिले के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आगामी 24 मार्च को भव्य उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विद्यालय में वार्षिक परीक्षा परिणाम (एनुअल रिपोर्टिंग) घोषित किए जाएंगे तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। पिछले वर्ष की तरह इस बार भी टॉपर विद्यार्थियों पर पुरस्कारों की बौछार होने जा रही है, जिससे विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल बना हुआ है।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने बताया कि सूर्या परिवार हमेशा से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष भी विद्यालय ने मेधावी विद्यार्थियों को लाखों रुपये के पुरस्कार देकर सम्मानित किया था और इस वर्ष भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले
छात्र-छात्राओं को विशेष पुरस्कार और सम्मान प्रदान किए जाएंगे। उनका कहना है कि विद्यालय का उद्देश्य केवल गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियों और अन्य प्रतिभाओं को भी निखारना है।
इसी दिन नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश परीक्षा (एंट्रेंस एग्जाम) का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें वही छात्र-छात्राएं भाग ले सकेंगे, जिन्होंने पहले से अपना पंजीकरण (रजिस्ट्रेशन) कराया है। विद्यालय प्रशासन द्वारा परीक्षा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने बताया कि वार्षिक उत्सव और प्रवेश परीक्षा के बाद 2 अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत होगी। नए सत्र में विद्यार्थियों को हाईटेक और आधुनिक सुविधाओं से युक्त वातावरण में शिक्षा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिसर में होने वाले इस बड़े आयोजन को लेकर छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में काफी उत्साह है तथा सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।