द्विपक्षीय वार्ता सम्पन्न, नगरपालिका के पेंशनरों की समस्या का शीघ्र होगा निदान
जिलाधिकारी के निर्देश पर शीघ्र होगा नगरपालिका के पेंशनरों की समस्या का निस्तारण
डीएम के निर्देश पर नगरपालिका के पेंशनरों की समस्या पर हुई वार्ता, निस्तारण के निर्देश
बस्ती । नगरपालिका के पेंशनरों की लम्बित समस्याओं के निस्तारण हेतु जिलाधिकारी कृतिका ज्योत्सना के निर्देश पर अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका एवं पेंशनर एसोसियेशन के पदाधिकारियों के बीच सौहार्दपूर्ण वातावरण मे वार्ता हुई। यह जानकारी देते हुये सेवानिवृत्त कर्मचारी एवं पेंश्रनर्स एसोसियेशन के जिलाध्यक्ष नरेन्द्र बहादुर उपाध्याय ने बताया कि बहुत लम्बे समय से पालिका के पेंशनरों की समस्यायें लम्बित थीं।
पेंशनर समस्या को लेकर काफी परेशान थे। नगरपालिका के पेंशनर सत्यदेव शुक्ल ने 25 फरवरी से जिलाधिकारी कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना देने की घोषणा किया था। इसके बाद पेंशनरों की समस्याओं के निराकरण हेतु एसोसियेशन के अध्यक्ष के नेतृत्व मे प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी से मिलकर समस्या के निस्तारण का अनुरोध किया। इस पर जिलाधिकारी ने ईओ को प्रकरण का यथाशीघ्र निस्तारण का निर्देश दिया था। इसी के अनुपालन मे एसोसियेशन के उपाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व मे द्विपक्षीय वार्ता हुई।
इसमे नगरपालिका के पटल सहायक भी मौजूद रहे। ईओ ने वार्ता के उपरान्त पटल सहायक को समस्या के निस्तारण हेतृ निर्देशित किया। उन्होने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया कि शीघ्र ही पेंशनरों की समस्याओं का निदान हो जायेगा। एसोसियेंशन की ओर से प्रतिनिधिमंडल मे प्रमुख रूप से जिला मंत्री उदय प्रताप पाल, नगरनिकाय प्रभारी रामनरायन चौधरी, सत्यदेव शुक्ल, सर्वेन्द्र सिंह, राजू, बजरंग बली, मिठाई प्रसाद, जगदीश यादव, बाबूराम, जमुना आदि शामिल रहे।