शिवेंद्र पांडेय ने यूपीएससी में लहराया परचम, ऑल इंडिया में 110वीं रैंक

शिवेंद्र पांडेय ने यूपीएससी में लहराया परचम, ऑल इंडिया में 110वीं रैंक

 

-मेहनत और लगन से हासिल की बड़ी सफलता, क्षेत्र में खुशी की लहर

 

बस्ती। जनपद के रुधौली तहसील क्षेत्र के सिसवारी खुर्द स्थित भीटामाफी गांव निवासी किसान पुत्र शिवेंद्र पांडेय ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की सिविल सेवा परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर जिले और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। शिवेंद्र पांडेय ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में ऑल इंडिया स्तर पर 110वीं रैंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत का लोहा मनवाया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे इलाके में खुशी और गर्व का माहौल है।

शिवेंद्र पांडेय की इस सफलता पर इंडियन पब्लिक स्कूल के प्रबंधक कैलाशनाथ दूबे ने उन्हें मिठाई खिलाकर और उपहार देकर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय परिवार और क्षेत्र के लोगों ने भी शिवेंद्र की मेहनत और लगन की सराहना की।

शिवेंद्र पांडेय एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। उनके पिता देवनाथ पांडेय पेशे से किसान हैं और खेती के माध्यम से परिवार का भरण-पोषण करते हैं, जबकि उनकी माता मंजू पांडेय प्राथमिक विद्यालय नरही में प्रधानाध्यापिका के पद पर कार्यरत हैं। माता-पिता ने हमेशा अपने बेटे को शिक्षा के प्रति प्रेरित किया और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उसकी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी।

शिवेंद्र की प्रारंभिक शिक्षा रुधौली क्षेत्र के श्रीनेत पब्लिक इंटर कॉलेज बांसखोर कला में हुई उसके बाद कक्षा 6से 12 तक इंडियन पब्लिक स्कूल बस्ती में हुई। बचपन से ही वह पढ़ाई में काफी मेधावी और मेहनती रहे हैं। शिक्षकों के अनुसार शिवेंद्र हमेशा से ही अनुशासित और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्र रहे हैं। स्कूल के दिनों से ही उनका सपना देश की सर्वोच्च प्रशासनिक सेवा में जाने का था और उन्होंने उसी दिशा में लगातार मेहनत की।

स्नातक शिक्षा पूरी करने के बाद शिवेंद्र ने वर्ष 2021 से UPSC सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी गंभीरता से शुरू की। कठिन प्रतिस्पर्धा और लंबी तैयारी के बावजूद उन्होंने अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया। निरंतर अध्ययन, धैर्य और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने धीरे-धीरे सफलता की ओर कदम बढ़ाए।

वर्ष 2024 में शिवेंद्र पांडेय का चयन सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय में असिस्टेंट डायरेक्टर के पद पर हुआ था। यह भी उनके लिए एक बड़ी उपलब्धि थी, लेकिन उन्होंने अपने अंतिम लक्ष्य यानी सिविल सेवा में उच्च स्थान प्राप्त करने का सपना नहीं छोड़ा। नौकरी मिलने के बाद भी उन्होंने अपनी तैयारी जारी रखी और एक बार फिर पूरी मेहनत और लगन के साथ परीक्षा दी।

इस बार की परीक्षा में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया में 110वीं रैंक हासिल कर ली, जो उनके अथक प्रयासों का परिणाम है। उनकी सफलता से यह साबित होता है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत सच्ची हो, तो कोई भी मंजिल दूर नहीं होती।

शिवेंद्र की इस उपलब्धि से उनके गांव भीटामाफी सहित पूरे रुधौली क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। परिवार के सदस्य, रिश्तेदार और गांव के लोग उनके घर पहुंचकर बधाई दे रहे हैं। गांव के बुजुर्गों और युवाओं का कहना है कि शिवेंद्र की सफलता क्षेत्र के अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणा बनेगी और उन्हें भी बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

विद्यालय के शिक्षकों और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने भी शिवेंद्र को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत और लगन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह प्रशासनिक सेवा में रहते हुए समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।

शिवेंद्र पांडेय की सफलता ने यह साबित कर दिया है कि गांव और साधारण परिवार से आने वाले युवा भी अपनी मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर देश की सबसे कठिन परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। उनकी इस उपलब्धि से बस्ती जिले का नाम एक बार फिर पूरे देश में गौरवान्वित हुआ है।