राम जानकी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा,यूपी पुलिस के हेड कांस्टेबल की मौत,दो युवक गंभीर

राम जानकी मार्ग पर भीषण सड़क हादसा,यूपी पुलिस के हेड कांस्टेबल की मौत,दो युवक गंभीर

 

 

जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव ने मर्चरी हाउस पहुँचकर दी सांत्वना, हरसंभव मदद का दिलाया भरोसा

 

जितेन्द्र पाठक

 

#संतकबीरनगर। जनपद के धनघटा थाना क्षेत्र अंतर्गत राम जानकी मार्ग स्थित टांडा चौराहे पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में उत्तर प्रदेश पुलिस के हेड कांस्टेबल की मौत हो गई, जबकि दूसरी बाइक पर सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब 8:30 बजे हुई। उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात जनार्दन यादव अपनी बाइक से बस्ती जिले के कुदरहा गांव जा रहे थे, जहाँ उन्हें अपनी बहन के ससुर के अंतिम संस्कार में शामिल होना था। जैसे ही वे धनघटा थाना क्षेत्र के टांडा गांव के पास पहुंचे, सामने से तेज रफ्तार में आ रही एक मोटरसाइकिल ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और सवार सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जनार्दन यादव को मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि उन्होंने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी गर्दन पर गंभीर और जानलेवा चोट आई। प्राथमिक उपचार के बाद अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।

 

#मृतक_का_विवरण

 

मृतक जनार्दन यादव (45 वर्ष), पुत्र रामबृक्ष यादव, ग्राम गाई बसन्तपुर के निवासी थे। वे जनपद सिद्धार्थनगर में उत्तर प्रदेश पुलिस में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थे। अपने कर्तव्यनिष्ठ स्वभाव और मिलनसार व्यवहार के कारण वे विभाग और क्षेत्र में सम्मानित माने जाते थे।

 

#घायलों_का_विवरण

 

आजाद उर्फ दाढ़ी (18 वर्ष), निवासी – संतकबीरनगर।

मिथुन (26 वर्ष), निवासी – जिला नवादा (बिहार)।

दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज चल रहा है।

 

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

 

जनार्दन यादव की असामयिक मृत्यु की खबर जैसे ही उनके घर पहुँची, परिवार में कोहराम मच गया। वे अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनका 20 वर्षीय पुत्र रजत यादव और 17 वर्षीय पुत्री श्रेया कुमारी हैं। पिता के अचानक चले जाने से बच्चों और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

 

दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव मर्चरी हाउस पहुँचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने परिवार को इस दुख की घड़ी में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। बलिराम यादव ने कहा कि जनार्दन यादव उनके रिश्ते में आते थे और हर विषम परिस्थिति में मार्गदर्शन व सहयोग देते रहे। उनका यूँ असमय चले जाना व्यक्तिगत रूप से भी उनके लिए अत्यंत पीड़ादायक और हृदयविदारक है। उन्होंने कहा कि वे परिवार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहेंगे और हर स्तर पर सहायता करेंगे।

 

पुलिस कर रही विधिक कार्रवाई

 

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार से उसका सहारा छीन लिया और पूरे क्षेत्र को शोक में डुबो दिया।